मीट प्लांट में जांच करने पहुंची अधिकारियों की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई के आदेशों पर पुलिस प्रशासन ने बृहस्पतिवार को अलनूर फैक्ट्री पर छापा मारा। इस दौरान फैक्ट्री कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। खाद्य और पशुधन विभाग की टीम के अफसरों के साथ छापे के दौरान मौजूद रही। इस दौरान फैक्ट्री के समस्त अभिलेखों, पशु कटान, प्रदूषण और पानी आदि की जांच-पड़ताल की गई। अफसरों के अनुसार कार्रवाई की रिपोर्ट बनाकर डीएम को सौंपी जाएगी।
प्रदेश में अवैध मीट कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के चलते बृहस्पतिवार को जनपद की एकमात्र आधुनिक मीट फैक्ट्री अलनूर पर पुलिस प्रशासन की टीम ने छापा मारा। दोपहर करीब दो बजे टीम दर्जनों गाड़ियों में सवार होकर फैक्ट्री गेट पर पहुंची। अफसरों को देख फैक्ट्री में अफरातफरी मच गई। टीम ने फैक्ट्री के कार्यालय पहुंचकर समस्त अभिलेखों की जांच-पड़ताल की।
वहां लाए जाने वाले पशुओं की संख्या और कटान के बारे में वहां के अधिकारियों से पूछताछ की। फैक्ट्री में लाए जाने वाले पशुओं के कटान से पहले डॉक्टरी जांच आदि के बारे में जानकारी ली गई। इस दौरान टीम ने पूरी फैक्ट्री का बारीकी से निरीक्षण किया। पानी का लेबल देखा और उसका सेंपल लिया। कई घंटे टीम ने फैक्ट्री में रहकर जांच-पड़ताल की। इस दौरान सिखेड़ा पुलिस फैक्ट्री के गेट पर तैनात रही। कार्रवाई के दौरान किसी को भीतर नहीं जाने दिया गया।
छापा मारने वाली टीम में सिटी मजिस्ट्रेट नईम अहमद, सीओ मंडी प्रशिक्षु आईपीएस मणीलाल पाटीदार, एआरटीओ सुभाष राजपूत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनीत राजपूत आदि शामिल रहे। सिटी मजिस्ट्रेट नईम अहमद ने बताया कि अलनूर फैक्ट्री में छापे के दौरान सबकुछ सही पाया गया है। वहीं, सीओ मंडी मणीलाल पाटीदार ने बताया कि कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार कर डीएम को सौंपी जाएगी।
क्या पहले ही लीक हो गई छापे की सूचना
मुजफ्फरनगर। अलनूर फैक्ट्री में अफसरों की टीम द्वारा छापा मारने की कार्रवाई महज औपचारिकता नजर आई। छापे के दौरान मौजूद रहे कुछ अधिकारियों ने सैंपल लेने की बात को स्वीकारा तो कुछ ने मना किया। टीम पशु लाने वाली गाड़ियों के बारे में पूछती रही, जबकि वहां एक भी गाड़ी पशुओं से भरी हुई नहीं मिली। संभावना जताई जा रही है कि फैक्ट्री में अफसरों के छापे की सूचना पहले ही लीक हो गई। अधिकारी बस एक ही बात कहते रहे कि फैक्ट्री में सबकुछ ओके पाया गया है।