खली लाद कर फिरोजाबाद ले जाते समय डीसीएम और ट्रक की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। थाना राजेपुर के गांव उम्मेदपुर निवासी राजीव यादव (37) पुत्र रामनरेश डीसीएम का चालक था। वह शहर के मोहल्ला मन्नीगंज निवासी अशोक अग्रवाल की गाड़ी को चलाता था। बुधवार को राजीव डीसीएम पर खली लाद कर फिरोजाबाद जा रहा था। डीसीएम बुधवार रात मोहम्मदाबाद के गांव सकवाई के पास से गुजर रही थी। तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
इस दुघर्टना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस ने घायल डीसीएम चालक को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। यहां गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डीसीएम भिड़ंत की सूचना राजीव के भाई प्रमोद लोहिया अस्पताल पहुंचा। कुछ समय बाद परिवार के अन्य लोग भी अस्पताल पहुंच गए। शव को देखकर पत्नी सदाप्यारी और मां सरोजनी देवी अचेत हो गई।
प्रमोद ने बताया कि राजीव अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके एक बेटी अंजली, बेटा सौरभ और सुबोध है। उधर, गाड़ी मालिक ने बताया कि राजीव उनका पुराना चालक है। वह अपना काम बड़ी जिम्मेदारी से करता था। दुर्घटना के बाद ट्रक का चालक भाग निकला।