सीमा विवाद में उलझी रतनपुरी और खतौली पुलिस।
- फोटो : amar ujala
मुजफ्फरनगर के रतनपुरी में खलासी नाले में करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव निकालने को लेकर रतनपुरी और खतौली पुलिस के बीच सीमा विवाद में उलझ गई। मौके पर पहुंचे सीओ ने तहसील से लेखपाल को बुलवाया। लेखपाल ने क्षेत्र खतौली पुलिस का होना बताया। तब कहीं जाकर खतौली पुलिस ने शव को बाहर निकाला। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव मोर्चरी भेज दिया है।
मंगलवार की सुबह लोगों ने रतनपुरी नेशनल हाईवे पर बाईपास पुल के नीचे खलासी नाले में शव पड़ा देखा। इसकी सूचना मिलने पर रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। रतनपुरी पुलिस ने घटनास्थल खतौली क्षेत्र बताते हुए शव निकालने से इंकार कर दिया। रतनपुरी पुलिस ने इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को भी दे दी। अधिकारियों के निर्देश पर सीओ खतौली राजीव कुमार गौतम और इंस्पेक्टर केपी सिंह भी मौके पर पहुंचे।
सीओ ने सीमा विवाद सुलझाने के लिए तहसील से लेखपाल को बुलवाया। लेखपाल ने सजरा देखकर क्षेत्र खतौली पुलिस का होना बताया। इसके बाद खतौली पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को फिलहाल मोर्चरी भेज दिया है। शव का काफी दिन पुराना लग रहा है। पुलिस को आशंका है कि शव को हाईवे के बाईपास पुल से नीचे फेंका गया है। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।