मीरापुर/रामराज थानाक्षेत्र के गांव हाशिमपुर में एक महिला से फोन पर बात करने को लेकर दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। संघर्ष में पथराव और धारदार हथियारों के चलने से दोनों पक्षों के एक बच्चे समेत 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण किया। घायलों को उपचार दिलाया। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक गांव का एक व्यक्ति एक महिला से फोन पर अश्लील बातें करता था। इस हरकत को देखकर महिला के पति ने ऐतराज किया। दोनों व्यक्तियों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। जमकर एक दूसरे पर पथराव किया। चाकू आदि धारदार हथियारों के प्रयोग से एक दूसरे पर हमला कर दिया।
घायलों में अशफाक पक्ष से अशफाक, उसकी मां सौराज, सात वर्षीय बालक अबूजर, फखरू, अफजाल, इकबाल, आफताब और महताब पक्ष से महताब, बिल्लू, जमील, इमलाक, एजाज और मुसर्रत शामिल हैं। झगड़े की सूचना पर रामराज पुलिस और डायल 100 की कई गाड़ियां गांव पहुंची। झगड़ा कर रहे लोगों को लाठियां फटकार कर दौड़ाया। घायलों को उपचार दिलाया गया। थानाध्यक्ष आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों में एक दूसरे के विरुद्ध तहरीर दी है, लेकिन जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ककरौली में दो पक्षों में छुरे चले, आधा दर्जन घायल
मोरना में बच्चे से पानी की छींटे गिरने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर छुरेबाजी हुई। छुरे चलने से गांव में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बमुुश्किल स्थिति को संभाला। हमले में छह से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। थाना ककरौली प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने घटना की जानकारी लेकर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
गांव ककरौली निवासी इस्लाम कुरैशी पक्ष के आठ वर्षीय बच्चे से पानी की छींट मोहम्मद याकूब के कपड़ों पर गिर गई, जिसको लेकर इस्लाम कुरैशी पक्ष तथा याकूब कुरैशी पक्ष में कहासुनी के बाद जमकर लाठी डंडे व छुरेबाजी हुई। हमले में दोनों पक्ष से आसिफ पुत्र अनीस कुरैशी, परवेज व जावेद पुत्रगण याकूब सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इस दौरान पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर बितर कर घायलों को मोरना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामूली विवाद में दो पक्ष भिड़े
मीरापुर। गांव संभलहेड़ा में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस मामले में एक व्यक्ति नूर मोहम्मद पुत्र शेरअली को मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाकर बेहोश कर दिया। पुलिस ने नूर मोहम्मद को जिला चिकित्सालय उपचार के लिए भेज दिया। नूर मौहम्मद की तहरीर पर चारों आरोपियों की तलाश जारी है।