शहर में बुधवार का दिन अपराधियों के नाम रहा। देर शाम एक-एक कर हत्या और लूट की वारदातों से शहर के लोगों में दहशत पसर गई। पुलिस हत्या के मामले में निपट पाती तभी रामपुर तिराहे पर व्यापारी से पांच लाख रुपये लूटने की खबर आ गई।
मंगलवार रात डेढ़ बजे वहलना में हुई नाजिम की हत्या के बाद पुलिस अधिकारी मामले की छानबीन में जुटे थे। दिनभर की माथापच्ची के बाद पुलिस मामले को नॉर्मल कर पाई तो शाम को अतिव्यस्त इलाके भोपा पुल पर पटेलनगर निवासी सिगरेट कारोबारी प्रदीप कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस काफी देर तक सीमा विवाद के चलते घटनास्थल को एक-दूसरे के इलाके का होने की बात कहती रही।
बाद में नईमंडी पुलिस ने घटना को अपने क्षेत्र की माना। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रामपुर तिराहा बामनहेरी पुल के पास बिजली व्यवसाई बंटी गाबा से बदमाशों ने पांच लाख की नगदी लूट ली। बंटी की आनंद मार्केट में बिजली की दुकान है। बंटी देवबंद से कलेक्शन कर बाइक से लौट रहा था। घटना की सूचना पर पुलिस दौड़ी, तमाम जगहों पर चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
इसी दौरान पुलिस चेकिंग कर ही रही थी कि तितावी क्षेत्र में कुटबा निवासी नीरज को गोली मार दी गई। नीरज की हालत गंभीर है। वह घटना के बारे में पूरी जानकारी नहीं दे पाया। उसने इतना ही कहा कि वह अपनी बहन के यहां गुरुवार को रक्षाबंधन के लिए जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने उसे गोली मार दी। माना जा रहा है कि लूट के इरादे से पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने नीरज पर गोली चलाई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
चेकिंग में तीन बदमाश पकड़े
हत्या और लूट की वारदात के बाद पुलिस ने जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खतौली पुलिस ने तीन बदमाशों को पकड़ा है। बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। लूट के पीड़ित ने जो जानकारी पुलिस को दी है, उससे लुटेरों का हुलिया काफी हद तक मिलता-जुलता बताया जा रहा है। एसएसपी दीपक कुमार ने बदमाशों के पकड़े जाने की पुष्टि की, लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि लुटेरे किस वारदात से संबंधित हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार को पुलिस इस मामले का प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा करेगी।