फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदमाश बेखौफ : शहर में तीन बाइक लूटीं, पेट्राेप पंप भी लूटा  

Sat, 21 Jul 2018 12:37 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
पेट्रोल पंप पर लूटपाट करने पहुंचे बाइक सवार बदमाश। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शहर क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम एक घंटे के अंतराल में ही तीन जगह से बाइक-नकदी और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस फिलहाल खाली हाथ है। हालांकि नई मंडी में लूट को अंजाम देने वाले तीन लुटेरे एक प्रतिष्ठान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं, जिनकी फुटेज के आधार पर पुलिस उन्हें चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। 
विज्ञापन


नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बझेड़ी निवासी आलम से बदमाशों ने बृहस्पतिवार शाम उस समय बाइक, मोबाइल व पर्स लूट लिया था, जब वह भतीजे के साथ बाइक पर किसी काम से गांधी कॉलोनी आ रहा था। उक्त घटना को अंजाम देने वाले बदमाश रजबाहे पटरी मार्ग पर स्थित एक प्रतिष्ठान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।  

फुटेज हासिल कर पुलिस ने उन्हें चिह्नित करने की कोशिश में लगी है। उधर, बझेड़ी निवासी आलम से बाइक लूटने के कुछ देर बाद ही शहर कोतवाली क्षेत्र के कल्लरपुर-लकड़संधा मार्ग पर गाजियाबाद के संगम पार्क निवासी सुनील से भी बाइक, मोबाइल व पर्स लूट लिया गया।
विज्ञापन


सूचना पर पहुंची पुलिस जब तक सुनील से बाइक लूटने वाले बदमाशों तक पहुंचती, पीनना बाईपास के निकट गांव पीनना निवासी कुलदीप से भी बदमाशों द्वारा बाइक व नकदी लूट ली गई। महज एक घंटे के अंतराल में हुई तीन लूट की घटनाओं से पुलिस में खलबली मच गई। पुलिस ने एक साथ तीनों थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा। तीनों घटनाओं की संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। 

अलग-अलग लुटेरों ने दिया घटना को अंजाम
मुजफ्फरनगर। शहर क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम बाइक लूट की तीन वारदातों को अंजाम देने वाले अलग-अलग बदमाश रहे। इंस्पेक्टर मंडी हरशरण शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में एक ही गैंग द्वारा लूटपाट किए जाने की आशंका लगी थी, लेकिन जांच में तीनों घटनाओं में अलग-अलग बदमाश पाए गए हैं। लुटेरों की तलाश की जा रही है, जिन्हें बहुत जल्द धर लिया जाएगा।

ट्रांसपोर्ट नगर में कारोबारी से लूटपाट  
ट्रांसपोर्ट नगर में नशे में धुत आठ-दस युवकों ने दुकान बंद कर लौट रहे टायर कारोबारी के साथ मारपीट करते हुए उससे 86 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए। शुक्रवार को कार्रवाई की मांग को लेकर कारोबारी ने परिचितों के साथ थाने पर हंगामा भी किया। 

नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के शांति नगर निवासी सत्यदेव शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि उसकी ट्रांसपोर्ट नगर में टायर की दुकान है। बृहस्पतिवार देर रात वह दुकान बंद कर लौट रहा था। आरोप है कि ट्रांसपोर्ट नगर में ही आठ-दस युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौच कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए जेब से 86 हजार रुपये लूट लिए।

पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।

पीड़ित ने रात में ही एक युवक को नामजद करते हुए उसके कई अज्ञात साथियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। शुक्रवार को पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा भी किया, जिन्हें इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। 

नेशनल हाइवे पर पेट्रोल पंप लूटा, छपार के सिसौना में हुई वारदात       
छपार क्षेत्र के सिसौना में शुक्रवार रात बाइक सवार बदमाशों ने नेशनल हाइवे पर पेट्रोल पंप लूट कर सनसनी फैला दी। बदमाशों ने दूसरा पेट्रोल पंप भी लूटना चाहा, मगर वहां भीड़ के कारण वे अपने मकसद में सफल नहीं हो सके। लुटेरे वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी है। 

पेट्रोल पंप लूट की वारदात रात करीब साढ़े आठ बजे हुई। छपार थाना क्षेत्र के सिसौना गांव में दिल्ली-दून हाइवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे। पहले बाइक में तेल डलवाया। सेल्समैन ने रुपये मांगे तो पर्स निकालने के बहाने एक बदमाश ने तमंचा निकाल लिया और सेल्समैन से करीब 5500 रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिया।

बदमाशों ने सामने स्थित दूसरे पेट्रोल पंप को भी लूटना चाहा, मगर वहां पर ग्राहकों की भीड़ होने के कारण वे लूटपाट नहीं कर सके। बाद में बदमाश फरार हो गए। लुटेरे पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। सूचना पर पुलिस ने भागदौड़ की, मगर कोई सफलता नहीं मिल सकी।

छपार इंस्पेक्टर सुभाष राठौर का कहना है कि बदमाश पेट्रोल पंप पर तेल डलवा कर भागे है। इन बदमाशों ने कुछ दिन पहले एक स्कूटी सवार को भी लूटने का प्रयास किया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों को तलाश किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें