खतौली। रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचों के बल पर भांग ठेका के संचालक से नगदी से भरा गल्ला लूट लिया।
विरोध करने पर बदमाशों ने संचालक के साथ मारपीट की और तमंचे से फायर कर दिया, जिसमें संचालक बाल-बाल बचा। गोली चलने से दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। इसके बाद बदमाश बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
दिल्ली निवासी गोपाल पुत्र सुब्रमण्यम ने भांग का ठेका ले रखा है। रेलवे ऑवर ब्रिज के नीचे भाग का ठेका है। शुक्रवार की शाम को संचालक गोपाल अपने ठेके पर बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। इन बदमाशों ने तमंचों से आतंकित कर गल्ला लूट लिया।
गोपाल ने विरोध किया तो बदमाशों ने मारपीट कर उसको घायल कर दिया। संचालक के शोर मचाने पर बदमाशों ने तमंचे से एक फायर कर दिया। बदमाशों की गोली लगने से संचालक बाल-बाल बच गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों में अफरातफरी मच गई।
फायर करने के बाद बदमाश बाइक पर बैठकर फरार हो गए। दुकानदारों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। संचालक का कहना है कि बदमाश 2200 रुपये की नगदी लूट कर ले गए हैं।
लूट की सूचना मिलने पर पुलिस ठेका पर पहुंची। पुलिस ने ठेका संचालक गोपाल से घटना के बारे में पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने लूट का प्रयास किया था। वे नगदी लूटकर नहीं ले गए हैं। जांच कर रहे हैं।