नोटबंदी के चलते पीएनबी मीरापुर के सामने लगी लाइन में एक युवक के जबरन घुसने पर संघर्ष हो गया। जिसमें तीन युवक घायल हो गए, जबकि एक दर्जन लोगों को गुम चोटें आईं हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला तथा घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जानसठ भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रात: 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी बैंकों पर पुलिस तैनात रहेगी।
शुक्रवार को पंजाब नेशनल बैंक मीरापुर व कैथोडा, सेंट्रल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, कारपोरेशन बैंक में दो दिन बाद कैश वितरित किए जाने की सूचना पर प्रात: से ही सभी बैंकों के ग्राहकों की लंबी कतारें लग गई थीं। प्रात: करीब 9 बजे नमक मंडी निवासी एक युवक ने अपने अन्य साथियों के साथ पीएनबी मीरापुर के सामने लगी लाइन में सबसे आगे घुसने का प्रयास किया तो इस पर लाइन में खड़े अन्य युवकों ने ऐतराज किया।
कुछ ही देर में जबरन घुसने वाले युवक ने अपने कुछ साथियों को बुलाकर ऐतराज करने वाले युवकों से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला किया तो लाइन में लगे लोगों में भगदड़ मच गई। इस हमले में मोहल्ला मुश्तर्क निवासी मोहम्मद इब्राहीम, नईम कुरैशी और सलमान घायल हो गए। एक दर्जन लोगों को चोटें आईं हैं। युवक इब्राहीम के सिर में गंभीर चोट लगी। खून से लथपथ युवकों को तत्काल जानसठ उपचार के लिये भेजा गया।
घायलों की ओर से दी गयी तहरीर में पांच युवकों को नामजद किया गया है। मारपीट व हंगामे की जानकारी मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ युवक दोपहर बाद इसी शाखा पर तैनात एक दरोगा से भी बैंक में जबरन घुसने को लेकर उलझ गए। उधर, अन्य बैंकों के बाहर भी स्थिति तनावपूर्ण रही। थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रात: 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी बैंकों पर पुलिस तैनात रहेगी। हंगामा, मारपीट करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
वहीं, दूसरी ओर मंसूरपुर के गांव घासीपुरा में हाइवे पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में पैसे निकालने और जमा करने को लेकर लंबी लाइन लग गई थी। ग्राहकों ने बैंक कर्मचारियों पर पैसे नहीं देने पर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्राहकों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
उधर, मोरना के पीएनबी बैंक पर लाइन में लगने को लेकर ग्रामीणों के बीच कहासुनी भी हुई। जिस पर बैक प्रबंधक ने ग्रामीणों के बीच आकर लाइन में टोकन नंबर देकर पैसे देना शुरू कराया। मौके पर सुमित्रा, महेंद्री, शरबती, सुदेश, भावना, पिंकी, माहवीरी, परवीन, मुकेश, शीला, गीता, सुक्को, इरशाद, प्रकाश, टीटू, रवि, यासीन, पप्पू, शहनवाज, सुभाष, उपेंद्र आदि शामिल रहे।