मिल अधिकारियों की तलाश में दबिश देने पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बुढ़ाना में किसानों को गन्ने का भुगतान दिलवाने की समस्या पुलिस प्रशासन के सिर का दर्द बन गई है। डीएम के निर्देश पर सीओ और इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ चीनी मिल के अधिकारियों की तलाश में मिल में पहुंचे, लेकिन उन्हें कोई भी अधिकारी नहीं मिला।
बजाज चीनी मिल भैंसाना पर किसानों का चालू सत्र का गन्ने का करीब सवा दो सौ करोड़ रुपया बकाया चल रहा है। एक सप्ताह पहले 26 फरवरी को किसानों ने चीनी मिल परिसर में भुगतान की मांग को लेकर हंगामा किया था। गुस्साए किसान चीनी मिल के कैनयार्ड के गेट पर धरने पर बैठ गए थे। एसडीएम श्याम अवध चौहान और सीओ मोहन लाल ने किसानों के बीच पहुंचकर तीन मार्च तक गन्ने का भुगतान कराने का आश्वासन देते हुए धरना समाप्त कराया था।
लेकिन किसानों का गन्ने का बकाया भुगतान ज्यों का त्यों चला आ रहा है। सीओ मोहन लाल व इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने जिलाधिकारी के आदेशों पर चीनी मिल के अधिकारियों की तलाश में दबिश दी। इंसपेक्टर डीके तगी ने बताया कि कोई भी अधिकारी चीनी मिल में नहीं मिला है। गन्ना भुगतान को लेकर किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने एक शिकायती पत्र डीएम को दिया था। डीएम के आदेश पर ही मिल अधिकारियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।