घायल युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
प्रेमी को बच्चों से अपने घर बुलवाकर प्रेमिका ने साथियों के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। लहूलुहान हालत में प्रेमी को पंखे से लटकाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। सूचना पर पहुंचे प्रेमी के परिजनों ने उसको को पंखे से नीचे उतारा। परिजनों ने उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। सूचना पर पुलिस में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने प्रेमिका को साथी सहित हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ करने में जुटी है। फिलहाल किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला का एक युवक से काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ दिनों से किसी बात को लेकर दोनों के संबंधों में खटास आ गई। रविवार शाम महिला ने बच्चे को भेजकर प्रेमी को काम के बहाने से अपने घर बुलाया। इस पर प्रेमी उसके घर पहुंच गया। वहां महिला के साथ चार-पांच युवक पहले से ही बैठे थे। प्रेमी के पहुंचते ही युवकों ने उसे दबोच लिया और कमरे का गेट बंद कर उसकी पिटाई करनी प्रारंभ कर दी।
आरोपियों ने उसे लाठी-डंडों से पीटा। पिटाई से प्रेमी लहूलुहान हो गया। आरोपियों ने प्रेमी के गले में रस्सी का फंदा लगाकर उसे जान से मारने की नीयत से कमरे में लगे पंखे पर लटका दिया। उधर, किसी ने प्रेमी के घर पर उसकी पिटाई की सूचना कर दी। परिजन मोहल्ले के लोगों के साथ महिला के मकान पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से कमरे का दरवाजा खुलवाया। परिजनों को देख आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। लोगों ने रस्सी काटकर प्रेमी को पंखे से नीचे उतारा।
परिजनों ने उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी प्रेमिका और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ करने में जुटी है। फिलहाल मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। महिला का कहना है कि आरोपी ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया था, विरोध करने पर उसने खुद की फांसी लगाने का प्रयास किया है।
------------
युवक को दो आरोपियों ने पीटा है, मामला प्रेम प्रसंग का है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी जाएगी -सीओ सिटी तेजवीर सिंह।