तितावी में नकाबपोश बदमाशों ने हैदरनगर-मुकंदपुर मार्ग पर दो घंटे तक राहगीरों से जमकर लूटपाट की। बदमाश आने-जाने वाले राहगीरों से लूटते रहे और ईख के खेत में बंधक बनाते रहे। विरोध करने पर राहगीरों को हमला कर घायल कर दिया गया।
नगदी, मोबाइल के अलावा बदमाशों ने बहनों के यहां हरियाली तीज का सिंधारा लेकर जा रहे लोगों से घेवर और कपड़े तक लूट लिए। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ जंगल में कांबिंग की, मगर लुटेरे हत्थे नहीं चढ़ सके। तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने बदमाशों का पुराना रिकार्ड खंगालते हुए क्षेत्र के दो युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
तितावी थाना क्षेत्र के हैदरनगर जमालपुर-मुकंदपुर मार्ग पर बदमाशों ने लूटपाट की वारदात को रविवार शाम अंजाम दिया। आठ-दस नकाबपोश बदमाशों ने हैदरपुर से पहले मार्ग पर राहगीरों को अपना निशाना बनाया। करीब दो घंटे तक बदमाशों ने 12 राहगीरों से लूटपाट की। हैदरनगर निवासी ओम सिंह से एक हजार रुपये, मोबाइल, जमालपुर के राजेश से 1100 रुपये, मोबाइल, दूधिया विपिन से 700 रुपये और बाइक, मांगा से 200 रुपये लूट लिए।
इसके अलावा अपनी बहनों के यहां तीज का सिंधारा लेकर जा रहे राहगीरों को भी बदमाशों ने तमंचों के बल कर आतंकित कर लूटा। बदमाशों ने उससे घेवर और कपड़े तक लूट लिए। बदमाश राहगीरों को रोककर उनसे लूटपाट कर ईंख के खेत में बंधक बनाकर डालते रहे। वहां पर भी तीन बदमाश तमंचे लिए खड़े थे। इसी दौरान जमालपुर से एक बाइक सवार ने रास्ते में बदमाशों को खड़ा देखा। वह शोर मचाता हुआ वापस गांव पहुंचा और ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्राम प्रधान इश्कलाल ने फोन से इंस्पेक्टर तितावी प्रवीण कुमार को घटना की जानकारी दी। पुलिस और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों को आते देखकर बदमाश जंगल में फरार हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ जंगल में कांबिंग की, मगर बदमाश पकड़े नहीं जा सके। लूट का शिकार लोगों की ओर से तितावी थाने पर तहरीर दे दी गई है, मगर पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।