नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के पॉश इलाके गांधी कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से 9.36 लाख रुपये लूटकर सनसनी फैला दी। लुटेरों ने कर्मचारियों की आंखों में मिर्ची का पाउडर झोंककर वारदात को अंजाम दिया। एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। लूट के शिकार हुए कर्मचारी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। ।
नईमंडी कोतवाली क्षेत्र की गांधी कॉलोनी गली नंबर 17, सुभाष नगर में एसकेएस नामक फाइनेंस कंपनी है, जिसमें फैजाबाद निवासी कृष्णा और विश्वेंद्र कार्यरत हैं। दोनों शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे फाइनेंस कंपनी के रुपये एकत्र कर बाइक द्वारा सुभाष नगर स्थित कार्यालय आ रहे थे। जब वे गांधी कालोनी की गली नंबर 17 में नाले के पास पहुंचे, तो तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन बदमाशों ने कृष्णा और विश्वेंद्र की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया।
इसके बाद बदमाश उनसे नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में 9.36 लाख रुपये बताए गए। दिनदहाड़े लाखों की लूट से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। एसपी देहात विनीत भटनागर, सीओ नईमंडी मणिलाल पाटीदार, एसएचओ नईमंडी प्रभाकर केंतुरा आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली।
पुलिस ने पीड़ितों को साथ लेकर बदमाशों को तलाश किया, मगर बदमाशों का सुराग नहीं मिल सका। एसएसपी अनंतदेव ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को वारदात के खुलासे के निर्देश दिए।
सीसीटीवी कैमरे देखे
मुजफ्फरनगर। फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से लूटपाट को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। पुलिस ने आसपास लगे उन सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जहां से होकर बदमाश गुजर सकते हैं।
फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 79 हजार रुपये लूटे
जानसठ में भलवा चौकी के पास फाइनेंस कंपनी के एजेंट से दो बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर 79 हजार रुपये लूट लिए। दिनदहाड़े हुए लूट से क्षेत्र में सनसनी फैल गई । सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए प्रयास किया, लेकिन पता नहीं चल सका।
जिला बागपत के गांव बिड़ौली निवासी सचिन कुमार पुत्र सुरेश पाल मेरठ की भारत फाइनेंस कंपनी में एजेंट का काम करता है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सचिन बाइक से जानसठ क्षेत्र के गांव भलवा में वसूली के लिए आया था। ग्रामीणों से पैसे इकट्ठा कर लौट रहा था। पुलिस चौकी के पास दो बाइक सवार तीन बदमाशों ने एजेंट को घेर लिया।
सचिन के बाइक रोकते ही बदमाशों ने तमंचों के बल पर उससे 79 हजार रुपये की नगदी लूट ली। इसके बाद बदमाश एजेंट को गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। दिनदहाड़े पुलिस चौकी के पास हुई लूट से सनसनी फैल गई। लूट की सूचना से पुलिस में भी हड़कंप मच गया।
सूचना पर इंस्पेक्टर अमरदीप लाल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित एजेंट से घटना के बारे में जानकारी लेकर बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़ लगाई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। सूचना पर एसपी देहात अजय सहदेव और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। एसपी देहात ने पीड़ित से पूछताछ की। पुलिस ने सचिन की ओर से अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर अमरदीप लाल ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है, पुलिस जांच कर रही है।