भोकरहेड़ी में खेत से चारा लेने गए युवक का आधा दर्जन बदमाशों ने अपहरण कर लिया। ग्रामीणों और पुलिस की घेराबंदी के बाद बदमाश युवक को ईख के खेत में छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने दो बदमाशों का काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन वे जंगल में घुस गए।
भोकरहेड़ी के मोहल्ला कुंआ पट्टी निवासी ऋषिपाल का पुत्र विनीत सोमवार शाम बाबूचर कुटी आश्रम रास्ते पर खेत में चारा काट रहा था। उसने आधा दर्जन बदमाशों को अपनी ओर आते देखा तो परिजनों को मोबाइल फोन से सूचना कर दी। बदमाशों ने विनीत का अपहरण कर लिया और बंधक बनाकर ईख के खेत में ले गए। उधर, परिजनों ने भोपा थानाध्यक्ष योगेश शर्मा को घटना की सूचना दे दी।
ग्रामीण हाथों में लाठी-डंडे लेकर जंगल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को साथ लेकर कांबिंग शुरू कर दी। ग्रामीणों के हल्ला मचाने पर बदमाश विनीत को के हाथ-पैर बांधकर खेत में ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस और ग्रामीणों ने युवक को बंधनमुक्त कराया। दो बदमाशों भागते हुए देख ग्रामीणों और पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन हाथ नहीं आए। भाकियू अध्यक्ष नवीन सहरावत, पूर्व चेयरमैन राजेश, ललित कुमार, विपिन, ब्रजवीर, विनोद, मनोज, ओमवीर सिंह, टिंकू, सुंदर आदि ने पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। घटना की तहरीर युवक के परिजनों ने थाने में दे दी है।