इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुरक्षा मांगने पहुंची युवती का परिजनों ने अपहरण कर लिया था, जबकि प्रेमी जान बचाकर भाग गया था। हाईकोर्ट ने सख्त एक्शन लेते हुए इलाहाबाद और मुजफ्फरनगर के एसएसपी को युवती को सकुशल बरामद कर कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए थे। पुलिस ने युवती को गाजियाबाद के सिहानी गेट क्षेत्र से बरामद कर लिया है। पुलिस उसे हाईकोर्ट में पेश करने के लिए इलाहाबाद रवाना हो गई है।
खतौली क्षेत्र के पलड़ा गांव की युवती का पड़ोस के गांव ताजपुर के युवक से काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। विगत दिनों प्रेमी युगल ने घर से भागकर कोर्ट मैरिज कर ली थी। दोनों अलग-अलग बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं। युवती के परिजनों ने थाने में युवक के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा पंजीकृत करा रखा है। परिजन भी युवती की तलाश में लगे हुए थे। प्रेमी युगल ने कोर्ट मैरिज करने के बाद लोगों से सुरक्षा की मदद के लिए व्हाट्सएप पर अपना संयुक्त वीडियो भी वायरल किया था।
जिसमें युवती ने अपने परिजनों से जान का खतरा जताया था। दो दिन पहले युवक-युवती सुरक्षा के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट गए हुए थे। युवती की बयान होने थे, इसी दौरान कोर्ट के बाहर कार सवार युवकों ने युवती का अपहरण कर लिया। युवक ने भागकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। युवक के वकील ने हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर कोर्ट परिसर से युवती का अपहरण होने की जानकारी दी। कहा कि युवती के परिजन उसकी हत्या कर सकते हैं।
इस पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए इलाहाबाद और मुजफ्फरनगर के एसएसपी को युवती को सकुशल बरामद करने के आदेश दिए थे। दोनों जिलों की पुलिस युवती की तलाश में दिन-रात एक किए हुए थी। पुलिस ने एक सूचना के आधार पर गाजियाबाद के सिहानीगेट के गढ़ी गांव से रिश्तेदारी से युवती को बरामद कर लिया है। पुलिस युवती को साथ लेकर हाईकोर्ट में पेश करने के लिए रवाना हो गई है।