मुजफ्फरनगर। शिवसेना कार्यकर्त्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सरकार पर हिंदुओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
प्रकाश तिराहे पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह और एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता को मांगों का ज्ञापन सौंपा। जुलूस के दौरान बचन सिंह चौक पर मार्ग बदलने को लेकर शिव सैनिकों और पुलिस के बीच हाथापाई भी हुई।
रविवार को शिसेना कार्यकर्ताओं ने नई मंडी के पटेल नगर स्थित रामलीला मैदान से जुलूस शुरू किया। सैकड़ों कार्यकर्ता पैदल, बाइक और जीप से जुलूस में शामिल हुए।
जैसे ही जुलूस बचन सिंह चौक पर पहुंचा तो वहां खड़े एसओ सिविल लाइन और सीओ सदर ने जुलूस को रेलवे रोड की ओर को मोड़ने का प्रयास किया। इस बात पर पुलिस और शिवसैनिकों में नोकझोंक हुई। शिवसैनिकों ने वहां लगाई गई बेरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया।
दोनों और से धक्कामुक्की हो गई। दोनों को देखकर आसपास के दुकानदारों ने दुकानों को बंद कर दिया। पुलिस ने चारों ओर का ट्रैफिक रोक दिया।
शिवसैनिकों के नेताओं द्वारा समझाने पर रेलवे रोड से जाने को तैयार हुए। इस दौरान शिवसैनिकों ने पुलिस मुर्दाबाद, प्रशासन मुर्दाबाद, प्रदेश सरकार मुर्दाबाद के पुलिस की मौजूदगी में जमकर नारे लगाए।
एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता ने प्रकाश तिराहे पर फोर्स तैनात कर दिया। प्रकाश तिराहे पर शिवसैनिकों ने सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिवसैनिकों ने दंगेे के आरोप में जेल में बंद युवकों के मुकदमे समाप्त कर उन्हें छोड़ने की मांग की।
गौवंश को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने और इसके मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने, हिंदू लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाने वाली घटनाओं में सख्त कार्रवाई करने, प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता, सिटी मजिस्टे्रट राजेंद्र सिंह, सीओ सिटी योगेंद्र लाल, सीओ मंडी अरुण कुमार, सिटी कोतवाल चमन सिंह चावड़ा, एसओ सिविल लाइन चंद्र किरण यादव, कोतवाल नई मंडी अरुण कुमार सिंह भारी फोर्स और पीएसी के साथ जुलूस के साथ मौजूद रहे। प्रदर्शन में राज्य उप प्रमुख ललित मोहन शर्मा, जिला प्रमुख नरेंद्र सिंह पंवार, मनोज सैनी आदि रहे।