थाना सिविल लाइन क्षेत्र में शनिवार देर रात आर्य समाज रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार कारोबारी के सिर में तमंचे की बट मारकर बीस लाख रुपये और सोना लूट लिया था। कांवड़ मेले में उलझी पुलिस सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची । घंटों बदमाशों की तलाश के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने पीड़ित के पुत्र की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर कोतवाली के भगत सिंह रोड पर आदिश जैन की सर्राफा की दुकान है। शनिवार रात करीब पौने ग्यारह बजे दो बैग में बीस लाख रुपये और तीस ग्राम सोना रखकर स्कूटी से आदिश जैन आर्य समाज रोड से जा रहे थे। इसी बीच पीछे से आए तीन बाइक सवार बदमाशों ने आदिश जैन के बराबर में बाइक लगाकर उसके सिर में तमंचे की बट मार दी और हवाई फायर किए।
चोट लगने से और फायर होने से सराफ घबरा गया तो बाइक सवार बदमाश उससे दोनों बैग लूटकर भाग गए। घायल ने पुलिस कंट्रोल रूम और परिजनों को घटना से अवगत कराया। बीस लाख की लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। कांवड़ ड्यूटी में व्यस्त रहने के कारण पुलिस को मौके पर जाने में भी वक्त लगा। बाद में सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर जाकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और
घंटों लुटेरों की तलाश की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल पाई। पुलिस ने रात में ही घायल व्यापारी के पुत्र अंशुल जैन की ओर से लूट का मुकदमा दर्ज कर दिया हैं। उधर, तमंचे की बट से घायल व्यापारी अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका उपचार चल रहा है।