चढ़त दौरान बारातियों में डीजे पर नाचने को लेकर कहासुनी हो गई और देखते ही देखते लाठी-डंडे चल गए। इस दौरान बारातियों ने कई कारों में भी तोड़फोड़ कर दी। कुछ ने फायरिंग भी की, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। हमले में पांच बाराती घायल हो गए।
मंसूरपुर गांव में सोमवार को राजबीर की लड़की की बारात गांव मंदौड़ से धनराज के बेटे सचिन की आई थी। चढ़त में डीजे पर नाचने को लेकर गांव पीन्ना और मंदौड़ के बारातियों के बीच कहासुनी हो गई।
मामला इतना बढ़ गया कि बारातियों में लाठी-डंडे चल पड़े। आरोप है कि बारातियों ने फायरिंग करते हुए कई बारातियों की कारों में तोड़फोड़ कर दी। हमले में बाराती गांव मंदौड़ निवासी निखिल, विक्रांत, निक्की, सनी व कपिल घायल हो गए। चढ़त में शामिल अन्य बाराती भाग खडे़ हुए। जिस कारण चढ़त को बीच में रोकना पड़ा।
लड़की पक्ष के लोग किसी तरह से दूल्हे को बचाकर घर पहुंचाया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बारातियों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस की मौजूदगी में दुल्हन विदा हुई।