मंसूरपुर में जमीन की रंजिश के चलते जंगल में किसान पर तमंचे से फायरिंग की। किसान ने भागकर किसी तरह से अपनी जान बचाई। किसान ने आरोपी को पहचान लिया था। ग्रामीणों ने आरोपी व उसके साथियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया।
मंसूरपुर क्षेत्र के गांव सोंहजनी तगान निवासी किसान जगरोशन पुत्र गोरधन का पड़ोसी गांव निवासी फारूक आदि के साथ जमीनी विवाद चल रहा है और वाद न्यायालय में विचाराधीन है। बुधवार की देर शाम को किसान जगरोशन अपने खेतों पर जा रहा था। आरोप है कि जंगल में फारूक ने अपने साथियों के साथ मिलकर जान से मारने की नीयत से किसान पर तमंचे से फायर कर दिया। जिससे किसान गोली लगने से बाल बाल बच गया।
घबराकर किसान वहां से जान बचाकर भाग निकला और गांव में पहुंच कर घटना की जानकारी दी। मामला अलग-अलग संप्रदाय से जुड़ा होने की वजह से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गांव सोंहजनी तगाव व नावला के ग्रामीण एकत्र होकर रात्रि सात बजे थाने में पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। पुलिस ने तहरीर लेकर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।