पुरकाजी में थाना क्षेत्र के ग्राम धमात कैल्लनपुर में मंगलवार रात एक दलित युवक की किसी ने गला रेतकर हत्या कर दी, जिसका शव गंगनहर किनारे रास्ते पर पड़ा मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव निवासी पप्पू (30) पुत्र हरज्ञान उत्तराखंड की किसी प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता था। मंगलवार शाम वह ड्यूटी से लौटकर घर पर खाना खाकर सो गया। रात करीब 12 बजे उसकी पत्नी ने देखा कि वह अपनी चारपाई पर नहीं है, जिसके बारे में उसने परिजनों को बताया। परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की।
बाद में उसका शव गंगनहर किनारे बने गांव के रास्ते पर पड़ा मिला। युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। परिजन शव को घर ले आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी, जिस पर रात में ही डॉग स्क्वायड एवं फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बुधवार एसएसपी दीपक कुमार, एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता, सीओ सदर शिवराज यादव ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। एसएसपी ने थाना प्रभारी को जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। बुधवार को पुलिस ने मृतक के भाई विनोद कुमार की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी का कहना है कि शव जहां मिला है, उससे कुछ ही दूरी पर पानी का एक डिब्बा भी मिला है, जिससे लगता है कि मृतक शौच के लिए आया था और वहां पर किसी ने उसकी हत्या कर दी। हत्या क्यों की गई है, इसकी जांच की जा रही है।