मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी से लाखों की लूट करने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लूटी गई रकम से आठ लाख की नगदी बरामद हुई है। पुलिस को पिस्टल, दो तमंचे, दो चाकू और चोरी की बाइक मिली है। पुलिस ने लूट में दर्ज घटना को डकैती में तरमीम कर दिया है।
शनिवार को पुलिस लाइन में एसएसपी अनंत देव ने प्रेस वार्ता में बताया कि नौ जून की दोपहर मंडी क्षेत्र में फाइनेंस कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर नौ लाख 84 हजार की नगदी लूट ली थी। पुलिस उसी दिन से आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुुक्रवार देर रात बाइक पर जाते समय सरवट फाटक के पास क्राइम ब्रांच की टीम ने नई मंडी कोतवाली पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद बदमाश आकाश त्यागी पुत्र राजकरण त्यागी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से आकाश घायल हो गया। इसके पास से लूटी गई रकम एक लाख 50 हजार रुपये बरामद हुए। त्यागी की निशानदेही पर रात में पुलिस ने छह अन्य बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके पास से छह लाख 50 हजार की नगदी बरामद हुई। कुल मिलाकर पुलिस को आरोपियों से आठ लाख की नगदी बरामद हुई है।
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी गौरव उर्फ झंडू पुत्र बालेंद्र निवासी बड़कली शहर कोतवाली, अंकित पुत्र आदेश शर्मा निवासी मलीरा शहर कोतवाली, राहुल शर्मा पुत्र सोमदत शर्मा जगदीश नगर सिहानी गेट, गाजियाबाद, रिषभ पुत्र सुनील दत्त निवासी दुहाई, मुरादनगर, बंटी पुत्र राजेंद्र दुर्गा कालोनी झज्जर हरियाणा के अलावा रामबीर पुत्र बह्म सिंह निवासी बड़कली, शहर कोतवाली है। बताया कि पकड़े गए बदमाशों से रकम के अलावा पिस्टल .32 बोर, 11 कारतूस आठ खोखे, दो तंमचे 315 बोर, आठ कारतूस, दो चाकू तथा घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। आकाश, गौरव और अंकित ने घटना को अंजाम दिया था। बाकी सभी आरोपी प्लान बनाने और रेकी आदि करने में शामिल रहे थे। आकाश को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया है, जबकि पकड़े गए अन्य बदमाशों का चालान कर दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों पर अलग-अलग थानों में 29 मामले दर्ज हैं।
घटना के दौरान साथ नहीं रखे थे मोबाइल
मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने बताया कि वारदात के दौरान सभी बदमाशों ने अपने फोन घरों पर ही रख छोड़े थे। बदमाशों को शक था कि फोन इस्तेमाल से पुलिस सर्विलांस के माध्यम से पकड़ लेगी। सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार तीन बदमाशों में से एक की पहचान आकाश त्यागी के रूप में हुई। इसके पकड़े जाते ही घटना का खुलासा हो गया।
सिहानी गेट में करनी थी लाखों की लूट
मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा डीलर से छह लाख की लूट करने की योजना थी। शातिर गिरोह बनाकर मेरठ, सहारनपुर, गाजियाबाद आदि जगहों पर जाकर लूट की घटनाएं करते हैं।