शहर कोतवाली पुलिस ने दो स्थानों पर हुई मुठभेड़ में तीन बदमाशों को दबोचा है। तीनों के पैर में गोली लगने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों ही बदमाश दस-दस हजार के इनामी हैं। मुठभेड़ में एक दरोगा भी घायल हुआ, जबकि एक शातिर बदमाश फरार हो गया।
सीओ सिटी हरीश भदौरिया ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस को बृहस्पतिवार रात को सूचना मिली थी कि दस हजार का इनामी बदमाश नोनू उर्फ शबाब आलम पुत्र अमीर आलम निवासी किदवईनगर रोहना की ओर से आ रहा है। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने सहारनपुर रोड स्थित बावनदरा पर पहुंचकर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद लाल रंग की बाइक रोहाना की ओर से आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रोकना चाहा। बाइक सवार पुलिस टीम पर फायरिंग भागे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम नोनू उर्फ शबाब आलम निवासी किदवईनगर बताया। अपने फरार साथी का नाम वसीम पुत्र ननुआ निवासी किदवईनगर बताया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान ने बताया कि नोनू पर दस हजार का इनाम घोषित था। वह कई मामले में वांछित चल रहा था, जबकि फरार हुआ उसका साथी नसीम भी शातिर अपराधी है।
वहीं, शुक्रवार दोपहर को भी शहर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दस-दस हजार के दो इनामी बदमाशों को दबोचा। दोनों के पैर में गोली लगी तथा एक दरोगा भी घायल हुआ। कोतवाली पुलिस बुढ़ाना मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया, तो वह पुलिस पर फायर कर भाग खड़े हुए।
पुलिस ने पीछा किया और जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। जिस पर दोनों बाइक से गिर गए। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। बदमाशों की गोली लगने से किदवईनगर चौकी प्रभारी रविंद्र कसाना भी घायल हो गए।
इंस्पेक्टर कपरवान ने बताया कि दोनों बदमाश आस मौहम्मद उर्फ आसू पुत्र अंधा यासीन निवासी फिरदौसनगर और उसका भांजा पारा पुत्र अजीमुद्दीन निवासी रथेड़ी, हाल निवासी फिरदौसनगर हैं। दोनों पर दस-दस हजार रुपये का ईनाम घोषित है। दोनों गोकशी के मामलों में वांछित चल रहे थे। आसू के खिलाफ 20 से अधिक तथा पारा के खिलाफ आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।