शहर में बढ़ रही ई-रिक्शाओं की बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध रूप से चल रही ई-रिक्शाओं की फैक्ट्रियों पर छापामारी शुरू कर दी है। इससे शहर में ऐसे फैक्ट्री मालिकों में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार को एक फैक्ट्री मालिक और दो दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।
दो दिन पूर्व डीएम डीके सिंह ने जिले में बढ़ रही ई-रिक्शाओं की संख्या पर चिंता जताई थी। इसी के चलते शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह ने व्यापार कर अधिकारियों, बिजली विभाग के अधिकारियों एवं सीओ सिटी तेजवीर सिंह को साथ लेकर एक दर्जन से अधिक स्थानों पर छापा मारी की। प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। छापे के दौरान खालसा, बाबा, अमन आदि फैक्ट्रियां बंद मिली। ये लोग पहले ही संस्थान बंद कर साफ हो गए।
एसआईबी के डिप्टी कमिश्नर पीएन सिंह ने बताया कि तीन स्थानों पर छापेमारी में कार्रवाई की गई है। रुड़की रोड पर सहारनपुर बस अड्डे के पास कृष्णा ऑटो मोबाइल पर छापे के दौरान आठ लाख का स्टाक पाया गया। इनके अभिलेख सीज किए गए। ई-रिक्शा के पार्ट स्टाक में इनके यहां मिले। इंद्रा कालोनी में डीलक्स मैकेनिकल वर्क्स के यहां छापे में ढाई लाख से अधिक का स्टाक मिला।
इनके यहां ई रिक्शा की तीन बॉडी मिली। कोई लाइसेंस इनके यहां नहीं पाया गया। इसी के साथ सर्व श्री इलेक्टोवा ई-रिक्शा इंदिरा कालोनी में छापा मारा गया। ये लोग पार्ट्स खरीदकर लाते है और बेचते हैं। इनके यहां 12 लाख का स्टॉक मिला। सभी लोगों को नोटिस जारी किये गये हैं। सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा की अवैध फैक्ट्रियों के खिलाफ अभियान लगातार चलेगा।