बुढ़ाना क्षेत्र के गांव बवाना में गैस पर खाना बनाते समय महिला के कपड़ों में आग लग गई। झुलसी महिला को परिजन चिकित्सालय के यहां लेकर जा रहेे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर बेटी को जलाकर मारने का आरोप लगाया है।
गांव बवाना निवासी देवेंद्र की पत्नी ब्रिजेश (30) की रविवार को जलने से मौत हो गई। सूचना पर इंस्पेक्टर डीके त्यागी और सीओ मोहन लाल पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ससुराल वालों ने बताया कि रविवार सुबह 9:00 बजे ब्रिजेेश रसोई में खाना बना रही थी। खाना बनाते समय कपड़ों में आग लगने से वह बुरी तरह से झुलस गई। गंभीर हालत में चिकित्सालय ले जाते समय ब्रिजेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतका के पिता गांव रोहाना कलां निवासी प्रेमपाल को दी। बेटी की मौत की सूचना से मायके में कोहराम मच गया। मृतका के पिता अपने परिवार वालों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचे। मृतका के पिता ने उसके पति देवेंद्र और ससुर बदलू पर दहेज की मांग को लेकर जलाकर मारने का आरोप लगाया। पिता ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक महिला के पिता की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। महिला की शादी को 10 वर्ष से अधिक हो चुके हैं, उसके चार बच्चे भी हैं।