मुजफ्फरनगर। खालापार के ट्रिपल मर्डर केस में दो दिन बीतने पर भी कातिल का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है। पुलिस की चार टीमें आरोपियों की खोजबीन में जुटी हुई हैं। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस टीमें बिजनौर और मेरठ भी भेजी गई हैं। कातिल की धरपकड़ के लिए सर्विलांस का भी सहारा लिया जा रहा है।
शहर कोतवाली के खालापार में बृहस्पतिवार रात बिजनौर में हुई लूट के पैसों के लेनदेन के विवाद में आरोपी वसीम ने इस्लाम, अख्तर और गुलशेर की पिस्टलों से गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। वारदात को लेकर पुलिस में हड़कंप मच गया था। तीनों मृतकों का मेरठ में पोस्टमार्टम हुआ था। सूत्रों के मुताबिक घटनाक्रम की जो तस्वीर सामने आई है, उसके अनुसार पहले अख्तर को दो गोलियां मारी गईं। उसे बचाने आए इस्लाम और शमशेर को भी 2-2 गोलियां लगी।
इसके बाद सामने आए गुलशेर को आरोपी वसीम ने 10 गोलियां मारीं। वारदात के दौरान पिता रसीद ने वसीम को काफी रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। सूत्रों की माने तो वसीम खूनखराबे के इरादे से पहले से ही तैयार बैठा था। मृतक पक्ष के पहुंचते ही उसने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। वारदात के बाद से ही आरोपी अपने घरों पर ताले लगाकर फरार हो गए हैं।
पुलिस ने वसीम के कुछ रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए उठाया है। उनके बताए पते के आधार पर पुलिस ने दबिशें दी हैं, लेकिन उसके परिवार का कोई शख्स हाथ नहीं आया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार टीमें लगाई हैं। पुलिस रात-दिन दबिशें दे रही है। मेरठ और बिजनौर में भी पुलिस टीम आरोपी की तलाश में गई हैं। आरोपी वसीम की धरपकड़ के लिए सर्विलांस का भी सहारा लिया जा रहा है।