छात्र को गोली लगने पर अस्पताल में पहुंचे घायल के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर शहर के बीच स्थित कालेज के साइकिल स्टैंड के पास पुरानी रंजिश के चलते छात्रों के बीच हुए विवाद में पहले मारपीट और फिर फायरिंग हुई। आरोपी छात्रों ने सुजडू निवासी छात्र को गोली मार दी। गर्दन में गोली लगने से घायल छात्र को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर किया गया है। घटना से कालेज के आसपास भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
शहर कोतवाली के सुजडू निवासी फैसल (21) आर्य समाज रोड स्थित कालेज में बीए का छात्र है। सोमवार दोपहर वह कालेज के पास एटीएम से पैसे निकालने के लिए लाइन में लगा। काफी देर तक नंबर नहीं आने पर वह कालेज में किसी काम से चला गया। कालेज गेट के पास स्थित साइकिल स्टैंड पर उसे इसी कालेज और दूसरे कालेज के कुछ छात्र खड़े हुए मिले। दोनों पक्षों में पुराने विवाद को लेकर पहले कहासुनी और फिर मारपीट होने लगी। इसी बीच दूसरे पक्ष के छात्रों ने तमंचे से फैसल पर फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान एक गोली फैसल की गर्दन में जा लगी। गोली लगने से वह गिर गया।
घटना के बाद कालेज के आसपास भगदड़ मच गई। घायल के साथी उसे मौके से उठाकर जिला चिकित्सालय लेकर गए। इसी बीच आरोपी फरार हो गए और मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने घायल को मेरठ के लिए रेफर कर दिया, जहां प्राइवेट अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटना की जानकारी ली। फिलहाल मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है, पुलिस आरोपी युवकों की तलाश में जुटी है।