मुजफ्फरनगर के खतौली के भाजपा नेता राजा वाल्मीकि की हत्या में पुलिस सभी तथ्यों को खंगाल रही है। राजा और चेयरमैन पारस के बीच टशन होने का मामला सामने आया है। पुरानी टशन की वजह से ही परिवार के लोग चेयरमैन को देखते ही बिफर पड़े।
मृतक राजा वाल्मीकि के पिता बाबूलाल नगर पालिका में कर्मचारी रहे हैं। इसी दौरान चेयरमैन के दस्तावेजों में हेराफेरी के मामले में बाबूलाल को भी जेल जाना पड़ा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में गरमागरमी चल रही थी, लेकिन क्या यह विवाद हत्या की वजह हो सकता है। पुलिस इस पर भी जांच-पड़ताल कर रही है। बुधवार को वारदात के बाद चेयरमैन पारस जैन अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ जैसे ही परिवार को सांत्वना देने पहुंचे, परिजनों का गुस्सा भड़क गया। चेयरमैन को खींचकर उनके साथ मारपीट की गई। उनके सुरक्षाकर्मियों को भी दौड़ाकर पीटा गया।
शुक्र यह रहा कि मौके पर मौजूद पुलिस चेयरमैन की ढाल बन गई। उन्हें भीड़ के चंगुल से निकालकर किसी तरह सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। वारदात के पीछे भले ही कुछ और भी कारण रहा हो, लेकिन फिलहाल पीड़ित परिवार चेयरमैन को ही आरोपी ठहराने पर अड़ा हुआ है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे डीएम डीके सिंह और एसएसपी बबलू कुमार के सामने भी परिवार की महिलाओं ने चीखकर कहा कि राजा की हत्या चेयरमैन ने कराई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने पारस जैन से पूछताछ की है, लेकिन वह हत्या में हाथ होने से साफ इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह राजा की हत्या क्यों कराएंगे। आखिर उन्हें इससे क्या हासिल होगा।
बिगड़े माहौल को शांत कराने में छूटे पसीने
खतौली। दिन निकलते ही भाजपा नेता की हत्या से पुलिस में अफरातफरी मच गई। डीएम और एसएसपी के अलावा जनपद के अन्य अधिकारी सुबह से ही कस्बे में डेरा जमाए रहे। कई थानों के फोर्स के साथ घटनास्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। हाईवे और आसपास तैनात डायल-100 की सभी गाड़ियों को भी कस्बे में बुला लिया गया। मृतक पक्ष के हंगामे और चेयरमैन पर हमला होने के बाद अफसरों ने घटनास्थल के आसपास के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र को छावनी बना दिया। हत्या, चेयरमैन पर हमला, जैन समाज के कार्यक्रम में कूड़ा डालने से बिगड़े माहौल को शांत करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। डीएम और एसएसपी के अलावा एसपी सिटी राजेश कुमार सिह, एडीएम प्रशासन मनोज कुमार सिंह के अलावा दर्जनों अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।