बांदा। 27 साल पुराने डकैती के मामले के आरोपी तीन दरोगा और सात कांस्टेबल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। आरोपियों के हाजिर न होने से लंबी अवधि में वादी की मौत हो जाना बताया गया है।
नरैनी निवासी बद्री प्रसाद ने 1989 में कोर्ट में परिवाद के जरिये तत्कालीन नरैनी कोतवाली एसआई फूलचंद्र त्रिपाठी, राजेंद्र सिंह यादव, रामऔतार सिंह यादव और कांस्टेबिल सहादेव सिंह, मदनलाल सिंह, कमलापति, टीकाराम, रामदास, टेकचंद्र व देवी प्रसाद के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश (डकैती) की अदालत में हो रही है। आरोपियों के हाजिर न होने से यह मामला लगभग 27 साल से लंबित है।
न्यायाधीश ने 23 सितंबर 2016 को डीआईजी (स्थापना) पीएचक्यू, इलाहाबाद को पत्र भेज कर गैरजमानती वारंट जारी करते हुए आरोपी पुलिस कर्मियों को आदेश तामील करने को कहा था। पीएचक्यू से जवाब आया कि जिले के पुलिस अधिकारी की वेबसाइट से पता लगा सकते हैं। इस पर अब अपर सत्र न्यायाधीश ने पुलिस अधीक्षक को जारी आदेश में कहा है कि अभियुक्तों का पता लगाकर वारंट तामील कराएं और अदालत को अवगत कराएं।