मोहल्ला खालापार में एक भाई ने अपनी बहन को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसको जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार में दरोगा की कोठी निवासी इसरार की बेटी फरीन (22) सोमवार रात परिजनों के साथ घर पर ही थी। रात में उसका भाई शाहरुख घर लौटा तो किसी बात को लेकर फरीन के साथ कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो शाहरुख ने तमंचा निकालकर बहन पर गोली चला दी, जो उसके पेट में जा लगी।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल के पिता इसरार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि शाहरुख को बहन फरीन पर बदचलन होने का शक था, जिसे लेकर उसकी कई दिन पहले भी उसके साथ कहासुनी हुई थी। सोमवार देर रात भी भाई-बहन के बीच इसे लेकर विवाद हुआ, जिसमें शाहरुख ने उसको गोली मार दी।
परिजनों ने किया बरगलाने की कोशिश
दरोगा की कोठी के पास फरीन को गोली मारे जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बरगलाने का प्रयास किया। बकौल पुलिस, शुरूआती जांच में युवती के पिता इसरार ने फरीन को गिरने से किसी नुकीली चीज पेट में घुसने से घायल होना बताया।
हालांकि घाव गोली से होने के चलते पुलिस ने उन पर सख्ती की, जब कहीं जाकर उन्होंने घटना की वास्तविक जानकारी दी। इस संबंध में कई घंटे तक पुलिस को फरीन के पिता इसरार को भी हिरासत में लेकर बैठाना पड़ा, जिसके बाद सही जानकारी मिलने पर उसे छोड़ा गया।