ब्रह्मसिंह को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो लाख के इनामी रहे जिस कुख्यात बदमाश पर डीजीपी ने तीन दिन पहले ही 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया, उसे पुलिस ने एसटीएफ और क्राइम ब्रांच के सहयोग से दबोच लिया। बदमाश के साथ ही पुलिस ने पांच-पांच हजार की इनामी उसकी पत्नी और पुत्रवधू को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस को एक पिस्टल .32 बोर, दो कारतूस, एक खोखा और चोरी की कार बरामद हुई है। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है।
28 वर्षों तक अपहरण, लूट और हत्या जैसे अपराध कर दो लाख के इनामी रहे कुख्यात बदमाश ब्रह्मसिंह कुरथल पर गत सोमवार को डीजीपी जावीद अहमद ने इनाम की राशि 12 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी। एसटीएफ नोएडा की टीम काफी दिनों से शातिर के पीछे लगी थी। शातिर के बारे में सूचना मिलने पर एसएसपी बबलू कुमार के निर्देश पर एसटीएफ पश्चिमी यूपी प्रभारी सीओ राजकुमार मिश्रा, क्राइम ब्रांच प्रभारी सुनील शर्मा और शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीपी सिंह ने भारी फोर्स के साथ देर रात काली नदी के पास से शातिर ब्रह्म सिंह निवासी कुरथल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
बदमाश की निशानदेही पर टीम ने बाद में सहारनपुर बस स्टैंड से पांच-पांच हजार की इनामी शातिर की पत्नी सुमन और पुत्रवधू अंजू पत्नी सिकंदर को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पिस्टल .32 बोर, दो कारतूस .32 बोर, एक खोखा, एक वैगनआर कार फर्जी नंबर की बरामद की है।
पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है। शातिर बदमाश ने गत वर्ष पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे गांव के ही बिल्लू की हत्या कर दी थी, इसके बाद से वह फरार चल रहा था। पकड़े जाने से जनपद पुलिस ने राहत की सांस ली है। कुरथल के खिलाफ मुजफ्फरनगर, दिल्ली और मेरठ के विभिन्न थानों में 29 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। ब्रह्मसिंह पिछले काफी समय से उत्तराखंड के रुड़की में ठिकाना बनाए हुए था। चर्चा है कि रुड़की से ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ा है।