खतौली में भाजपा नेता राजा वाल्मीकि हत्याकांड का खुलासा करने में पुलिस के पसीने छूटे हुए हैं। तीन दिन बाद भी पुलिस हवा में तीर चला रही है। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी नगर में डेरा डाला हुआ है। एसएसपी की ओर से गठित की गई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को मृतक की पत्नी से भी जानकारी जुटाई। पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। हिरासत में लिए गए नामजद आरोपी पालिका चेयरमैन पारस जैन को भी अभी जेल नहीं भेजा गया है।
मोहल्ला देवीदास निवासी भाजपा नेता राजा वाल्मीकि की बाइक सवार तीन बदमाशों ने बुधवार सुबह होली चौक स्थित दुकान पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड को लेकर तीन दिन बीत चुके हैं। पुलिस की पांच टीमों के अलावा क्राइम बांच की टीम भी हत्याकांड के खुलासे में जुटी हैं। राजा के परिवार और चेयरमैन पारस जैन के बीच की अदावत को भी खंगाला जा रहा है। कई अन्य पहलुओं पर भी पुलिस काम कर रही है।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की थी। पुलिस को उनसे भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। शुक्रवार को इंस्पेक्टर केपी सिंह ने पुलिस टीम के साथ मृतक की पत्नी वर्षा से भी जानकारी जुटाई।
मृतक के रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी नगर में डेरा डाल दिया है। क्राइम ब्रांच सर्विलांस के जरिए भी जांच-पड़ताल में जुटी है। पुलिस को अभी तक कोई ठोस क्लू नहीं मिल सका है। शासन और पुलिस के आला अफसरों के दबाव के चलते हत्याकांड खोलने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। मृतक के परिजन शुक्रवार को गंगा में अस्थियां विसर्जित करने के लिए हरिद्वार पहुंचे। शाम के समय परिवार के लोग हरिद्वार से वापस लौटे।