फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दादरी का बिसाहड़ा बनने से बच गया कढ़ली 

Sun, 31 Jul 2016 01:01 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
गोकशी की सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दादरी के बिसाहड़ा कांड की पुनरावृत्ति खतौली के कढ़ली गांव में होने से बाल-बाल बच गई। शनिवार को जीशान के घर में गोकशी की भनक जैसे ही लगी, लोग भड़क उठे। गुस्साई भीड़ घर को आग के हवाले करने पर आमादा हो गई थी। 
विज्ञापन


कढ़ली खतौली थाने के बॉर्डर का गांव है। आगे मेरठ के फलावदा का इलाका शुरू हो जाता है। गांव में गुर्जर बिरादरी की बहुलता है। दलित, सैनी और मुस्लिमों की आबादी भी है। अब से पहले गांव में कभी सांप्रदायिकता की कोई घटना नहीं हुई। कढ़ली में जीशान का घर गांव के बाहरी छोर पर है। उसके घर के पीछे से जंगल शुरू हो जाता है।

शनिवार को जीशान के घर में मांस के कुछ अवशेष रखे हुए थे और खून भी फैला हुआ था। इसी बीच गांव का एक व्यक्ति उससे उधार के पैसे मांगने पहुंचा, तभी उसकी पत्नी ने जीशान के घर में नहीं होने की बात कहकर लौटा दिया था। इस दौरान उक्त युवक ने जीशान के घर की सारी स्थिति गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को बता दी। कांवड़ मेले के दौरान गोकशी की बात से लोगों में गुस्सा भड़क उठा।
विज्ञापन


हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने फोन पर आसपास के गांवों के लोगों को भी घटना की जानकारी दे दी। एक-एक कर खबर पूरे इलाके में फैल गई, तब तक जीशान इस बात से अनभिज्ञ था। गांव के लोग शोर-शराबा करते जैसे ही उसके घर की तरफ बढ़े, उसने बिना कोई देरी किए बच्चों और पत्नी को दीवार से जंगल की ओर भाग निकला।

गुस्साई भीड़ ने दरवाजे और दीवार तोड़कर घर में तोड़फोड़ कर डाली। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पिछले साल नोएडा के दादरी के बिसाहड़ा कांड देश की सुर्खियां बना था। माना जा रहा है कि अगर जीशान का परिवार घर से नहीं भागता तो भीड़ उन पर हमला कर सकती थी। 

जीशान और उसकी पत्नी समेत चार पर मुकदमा 
पुलिस ने गोकशी के आरोपी जीशान, उसकी पत्नी शहनाज और गांव के ही सद्दाम एवं मोटा के खिलाफ गोकशी की धाराओं में मुकदमा कायम कराया गया है। एसपी सिटी संतोष कुमार मिश्रा ने गुस्साए लोगों को शांत करते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जाएगी। 

पहले भी गोकशी में जेल गया जीशान
पुलिस ने बताया कि आरोपी जीशान पहले भी गोकशी के मामले में जेल जा चुका है। इसके एक साथी को ग्रामीणों ने गाड़ी में मांस ले जाते हुए पकड़ लिया था। ग्रामीणों ने धुनाई करने के बाद आरोपी को पुलिस को सौंप दिया था। ग्रामीणों को पहले से ही शक था कि जीशान अपने मकान में साथियों के साथ मिलकर गोकशी कराता है।

मामले को रफा-दफा करने का आरोप
पालिका चेयरमैन पारस जैन ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई होनी चाहिए, अन्यथा भाजपा आंदोलन करेगी। इसके अलावा शिवसेना के जिला सचिव देवराज प्रधान का कहना है कि उन्होंने कई बार गोकशी करते लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा है, लेकिन पुलिस मामले को रफा-दफा कर देती है। भीम सिंह, प्रदीप कुमार, रवि, हरेंद्र, अमित, योगेश, मूलचंद सैनी, रोहित, मांगेराम, सचिन, राहुल, गुरदीप आदि मौजूद रहे। 

विहिप ने गिरफ्तारी की मांग उठाई
विहिप के प्रांत सहमंत्री डॉ. चंद्रमोहन शर्मा, भाजपा नेता डॉ. सुधीर सैनी और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गांव कढ़ली में हुई गोहत्या पर रोष प्रकट करते हुए नामजद आरोपियों की अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की मांग की। चंद्रमोहन शर्मा ने कहा कि गौ हत्यारों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। आरोपियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान माहौल खराब करने का प्रयास किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें