रेलवे स्टेशन से पकड़ी गईं म्यांमार और बांग्लादेशी चार महिलाओं की जांच के बाद नया खुलासा सामने आया है। बांग्लादेशी महिला के पास मुजफ्फरनगर के पते का आधार कार्ड और अन्य आईडी प्रूफ मिला है। जांच में महिला शहर में अवैध रूप से रहती पाई गई है। इसकी गहनता से जांच शुरू की गई है। म्यांमार की तीन महिलाएं सहारनपुर के नांगल में परिवार के साथ रहती हैं, जो शादीशुदा बताई गई है।
सिविल लाइन इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि बुधवार को रेलवे स्टेशन के निकट झगड़ा कर रही चार महिलाओं को पकड़ा गया था, जिनमें एक बांग्लादेश और तीन म्यांमार की रहने वाली हैं। सभी महिलाओं की खुफिया तंत्र ने जांच की है। जिसमें म्यांमार निवासी तीनों महिलाओं की सहारनपुर के नांगल में रिश्तेदारी है, जो लंबे समय से वहीं रह रही हैं। इन महिलाओं को शादीशुदा बताया गया है, इनके परिवार की जांच-पड़ताल की जा रही है।
पकड़ी गई बांग्लादेशी महिला का नाम खुर्शीदा पत्नी इरशाद है, जो शहर के केवलपुरी मोहल्ले में रही थी। महिला के पास न तो अभी वीजा मिला है और न ही उसे भारत की नागरिकता प्राप्त है, जबकि उसके पास आधार कार्ड और आईडी प्रूफ मिला है, जो जनपद मुजफ्फरनगर का बना हुआ है। यह कागजात उन्होंने कहां से और किसके सहयोग से बनवाए, इसकी जांच की जा रही है।
मामले को लेकर खुफिया विभाग भी अलर्ट पर है। खुफिया तंत्र महिला के बारे में बांग्लादेश से तस्दीक करने में लगा है। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि म्यांमार की महिलाओं की जांच में कोई संदिग्धता नहीं मिली है। जिन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा, जबकि बांग्लादेशी महिला के बारे में जांच चल रही है। वहीं, महिला खुर्शीदा के खिलाफ एलआईयू मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रही है।
आखिर क्यों रह रही है खुर्शीदा
मुजफ्फरनगर। खुफिया विभाग केवलपुरी में खुर्शीदा के अवैध रुप से रहने की जांच कर रहा है। आखिर खुर्शीदा यहां क्यों रह रही है, उसके पति इरशाद जनपद का रहने वाला है या नहीं। इसको लेकर भी तफ्तीश की जा रही है। फिलहाल महिला पुलिस कस्टडी में है। जिले से बांग्लादेशी महिला के मिलने पर आला अफसरों में हड़कंप मचा हुआ है।
अगस्त में पकड़ा गया था आतंकी
मुजफ्फरनगर। वर्ष 2017 जनपद बड़ी घटनाओं में गिना गया है। जनपद के चरथावल के गांव कुटेसरा से छह अगस्त को आतंकी अब्दुल्ला पकड़ा गया था। जिसके तार देवबंद के साथ अंसारुल्लाह बांग्ला टीम से जुड़े मिले थे। ऐसे में खुफिया विभाग के साथ पुलिस अफसरों ने भी गहनता से छानबीन शुरू कर दी है।