खालापार में छापेमारी के दौरान बरामद पशु को ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने अवैध रूप से चल रहे कमेलों पर छापामारी की। पुलिस कार्रवाई को देख मीट के धंधे में लगे लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने एक युवक को लाइसेंसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। कमेले से पुलिस ने सात जिंदा कटड़े बरामद किए हैं। मीट दुकानदार दुकानें बंद कर भाग गए।
अवैध रूप से चल रहे कमेलों और मीट कारोबार को पुलिस ने अपने रडार पर ले लिया है। पुलिस कार्रवाई से बाजारों से मीट और अंडों की ठेलियां गायब हो चुकी हैं। शनिवार दोपहर सीओ सिटी तेजबीर सिंह और शहर कोतवाल पीपी सिंह भारी फोर्स के साथ खालापार स्थित कई कमेलों पर दबिश दी। करीब आधा दर्जन जगहों पर दबिशें दी गई।
भारी फोर्स को देख मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने अवैध कमेले से सात जिंदा कटड़े बरामद किए। बरामद कटड़ों को टेंपू मे लादकर कमेलों से निकलवाया गया। पुलिस ने वहां से युवक को लाइसेंसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शहर कोतवाली लाकर हवालात में बंद कर दिया गया। खालापार में लोगों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर विरोध प्रकट किया। इसके बाद फोर्स ने बकरा मार्केट स्थित मीट की दुकानों पर दबिश दी। भारी पुलिस बल देख मीट दुकानदार दुकानें बंद कर फरार हो गए।