गांव जड़ौदा में जमीन विवाद में ईंट भट्ठा स्वामी पर हमला कर घायल कर दिया गया। लाइसेंसी पिस्टल भी लूटकर सनसनी फैला दी गई। रालोद नेताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर उनसे पिस्टल बरामद कर लिया है।
मंसूरपुर के गांव जड़ौदा निवासी नीटू पुत्र ओम सिंह ने कई वर्ष पूर्व गांव निवासी अय्यूब की भूमि में ईंट का भट्ठा लगाया था। इन दोनों का भूमि को लेकर विवाद हो गया था। अब यह विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। ईंट का भट्ठा भी पिछले तीन साल से बंद पड़ा है।
रविवार को नीटू घर से बाइक से बस अड्डे पर जाने के लिए निकला था। आरोप है कि अय्यूब के पुत्र नौमान ने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में नीटू को घेर लिया। इन लोगों ने धारदार हथियारों से नीटू पर हमला बोल दिया। हमले में वह घायल हो गया। हमलावर नीटू का लाइसेंसी पिस्टल भी लूटकर ले गए। पीड़ित ने थाने में पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी दी। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बजाय पीड़ित को थाने में बैठा लिया।
इसकी सूचना मिलने पर रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी, सुधीर भारतीय, विकास बालियान आदि एकत्र होकर थाने पर पहुंचे। इन नेताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामा करने पर पुलिस ने घायल नीटू को डॉक्टरी के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने नौमान सहित दो आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने इनसे लूटी गई पिस्टल भी बरामद कर ली है। घायल नीटू की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।