मुजफ्फरनगर। लेखपाल भर्ती परीक्षा के दौरान डीएवी कॉलेज में हंगामा कर आंसर सीट फाड़ने पर एक परीक्षार्थी को पुलिस के हवाले किया गया। डीएवी में ही एक परीक्षार्थी के फोटो का मिलान न होने पर उसे कक्ष से बाहर निकाल दिया गया।
शहर में कुल 15 केंद्रों पर 26562 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की थी। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार लगभग 80 प्रतिशत ही पेपर देने पहुंचे।
रविवार को लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर शहर में सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ एकत्र होनी शुरू हो गई। पहली पाली में परीक्षा देने वाले परीक्षार्थी अपने केंद्रों पर सात बजे से ही पहुंचना शुरू हो गए। परीक्षा केंद्रों पर उन शिक्षकों को भी आठ बजे बुला लिया गया, जिनकी ड्यूटी परीक्षा में थी।
साढे़ दस बजे से शुरू होने वाली परीक्षा को लेकर कॉलेजों के बाहर सुबह से ही फोर्स तैनात कर दी गई थी। डीएवी कॉलेज में परीक्षा शुरू होते ही एक परीक्षार्थी ने हंगामा शुरू कर दिया कि पेपर आउट हो गया। यही नहीं आंसर सीट भी फाड़ दी।
इस पर प्राचार्य डॉ पीके सक्सेना ने परीक्षार्थी विनय बालियान मांडी को पुलिस के हवाले कर दिया। उक्त परीक्षार्थी के खिलाफ धारा 322, 353, 114 में सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। वहीं डीएवी में एक युवक के फोटो का मिलान नहीं हो पाया।
इस युवक को भी परीक्षा से बाहर बैठना पड़ा। डीएम और एसएसपी लगातार राउंड पर रहे। सभी 15 केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
बेरोजगारी के कारण जुटी युवाओं की भीड़
मुजफ्फरनगर। लेखपाल भर्ती परीक्षा में बेरोजगार युवाओं की भीड़ में हायर एजुकेशन प्राप्त युवा भी थे। हताश और निराश युवा किसी भी सरकारी नौकरी के लिए तैयार हैं। लेखपाल भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में ऐसे युवा भी हैं, जिनका पुलिस भर्ती में नंबर आ चुका है।
इनका कहना है कि जब तक नौकरी का सर्टिफिकेट हाथ में नहीं आ जाता, नौकरी पक्की कैसे मान लें। समस्त परीक्षा होने के बाद भी कोर्ट ने नियुक्ति पत्र जारी करने पर रोक लगा दी। ऐसे में दूसरी नौकरी ढूंढने का प्रयास भी किया जा रहा है।
दीपक, संदीप, रामनारायण ऐसे ही युवक मिले जिनका पुलिस में चयन हो चुका है। इसी के साथ जिले के ऐसे युवाओं ने भी लेखपाल की परीक्षा दी है जो हायर एजुकेशन प्राप्त कर चुके हैं। इनमें रामकुमार ऐसे मिले जो पीएचडी किए हुए हैं। रीतिका ऐसी मिली जो एमफिल किए हुए है। नौकरी नहीं मिलने से लेखपाल भर्ती परीक्षा में ही भविष्य की तलाश कर रही हैं।
रोडवेज पर रही भीड़
लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर सुबह से ही रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर काफी भीड़ रही। रोडवेज ने भी परीक्षा को लेकर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की थी।