शूटर कार्तिक द्वारा मारे गए अखिल गुप्ता का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
अखिल गुप्ता के हत्यारोपी को मुजफ्फरनगर लाने के लिए कोर्ट ने पुलिस को बी-वांरट दे दिया है। नई मंडी कोतवाली से पुलिस टीम को वारंट के साथ अहमदाबाद रवाना कर दिया गया है। पुलिस वहां की सीजेएम कोर्ट, कारागार और पुलिस लाइन के आरआई को वारंट तामील कराएगी।
शहर के गीता एंकलेव निवासी और आसाराम के रसोईया रहे अखिल गुप्ता की बीते साल शहर में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुजरात की एटीएस ने अखिल के हत्यारोपी कार्तिक हलदार को गत माह छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार कर लिया था।
काफी दिनों से सुस्त पड़ी पुलिस ने अचानक इस मामले में तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में आरोपी का बी-वारंट लेने के लिए अर्जी लगाई थी, जिस पर सुनवाई करते हुए सीजेएम ने नई मंडी कोतवाली पुलिस को 12 मई का वारंट दे दिया है।
कोतवाल नई मंडी राजीव गुप्ता ने बताया कि वारंट को अहमदाबाद में तीन जगहों पर तामील कराया जाएगा, जिसमें साबरमती जेल, सीजेएम कोर्ट और पुलिस लाइन के आरआई को वारंट की कापी रिसीव कराई जाएगी। इसके लिए कोतवाली से दो लोगों को वहां के लिए रवाना कर दिया गया है। उसके बाद 12 मई को कार्तिक को शहर में लाया जाएगा।