चांग कसबे में युवक की पीट-पीटकर हत्या मामले में सोमवार को आरोपी परिवार की एक किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में किशोरी को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। इस बीच, मृतक युवक के परिजनों व ग्रामीणों ने भिवानी-महम मुख्य मार्ग को जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। करीब पौना घंटा मुख्य मार्ग जाम किया। बाद में डीएसपी चंद्रपाल के आश्वासन पर जाम खोला। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
रविवार को गांव चांग के भुतलान पाना वासी करीब 26 वर्षीय फोटोग्राफर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। युवक गांव के ही एक व्यक्ति के घर में तूड़े के कमरे में मिला। उस समय वह गंभीर रूप से घायल था। उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक युवक के परिजन आरोप लगा रहे हैं कि युवक को घर बुलाकर योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई है, जबकि दूसरे पक्ष ने युवक पर छेड़छाड़ व गलत नीयत से घर में घुसने के आरोप लगाए थे।
रोड पर शव रख लगाया जाम
फोटोग्राफर सुरेश कुमार का पीजीआई में पोस्टमार्टम हुआ। शव को पीजीआई में पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब ढाई बजे गांव में लाया गया। शव को घर ले जाने की बजाए ग्रामीणों व परिजनों ने मुख्य मार्ग पर ही गाड़ी में रखा और भिवानी-महम मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया मगर ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। जाम की सूचना पर डीएसपी हेड क्वार्टर चंद्रपाल भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव के सरपंच व मौजिज ग्रामीणों के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए और करीब सवा तीन बजे जाम खोल दिया। मृतक के भाई राममेहर ने कहा कि अगर पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो वे फिर से रोड जाम करेंगे। जाम खोलने के बाद गमगीन माहौल में शव का गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया। जाम मुख्य मार्ग पर होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और काफी वाहन जाम में फंसे रहे।
13 के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने सुरेश की हत्या मामले में उसके भाई राममेहर के बयान पर पवन, हरी सिंह, अशोक, राजेंद्र, जिले, शीला, गोछा, हैप्पी, सुखबीर, मामन, सतीश, परमेश्वर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
किशोरी ने निगला जहर, गंभीर
युवक सुरेश की हत्या के आरोपी लोगों के परिवार की एक किशोरी ने संदिग्ध हालत में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। किशोरी ने काफी मात्रा में फिनाइल पी लिया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर पीजीआई रेफर कर दिया गया। किशोरी के इस कदम के पीछे कारण क्या हैं, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने किशोरी के मजिस्ट्रेट के समक्ष भी बयान दर्ज करने का प्रयास किया। किशोरी सिर्फ इतना ही बोल रही थी कि गुस्से में उसने फिनायल पी ली। बाद में डाक्टर ने उसे बयान देने में अनफिट करार दिया। किशोरी फिलहाल पीजीआई रोहतक में उपचाराधीन है। उधर युवक सुरेश की हत्या में नामजद किशोरी के परिजन न अस्पताल में नजर आए और न ही घर।
मामले में गुजरानी चौकी से एसआई मदन कुमार ने बताया कि किशोरी ने फिनायल पी है। अभी उसकी हालत गंभीर है और चिकित्सकों ने उसे बयान देने में अनफिट करार दिया है। हालत में सुधार होने पर बयान दर्ज किए जाएंगे और बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
युवक सुरेश की पीट-पीटकर हत्या की गई है। हत्या में 13 के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी पक्ष के परिवार की एक किशोरी ने जहरीला पदार्थ निगला है। अभी वह बयान देने की हालत में नहीं है।
- उदमीराम, एसएचओ, सदर थाना