गुजरात पुलिस की लापरवाही के चलते छठी बार अखिल गुप्ता के हत्यारोपी की पेशी टल गई है। इंस्पेक्टर की गुहार पर स्थानीय कोर्ट द्वारा गुजरात पुलिस को फटकार लगाने और कड़ा पत्र लिखने के बाद भी अहमदाबाद जेल से कार्तिक हलदार को कोर्ट में पेश नहीं किया गया है।
आसाराम के रसोइए अखिल गुप्ता की 11 जनवरी, 2015 को जानसठ रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को दो वर्ष बीत गए है, लेकिन पुलिस लापरवाही के चलते आज भी मामला जस का तस है। मार्च, 2016 में गुजरात एटीएस ने अखिल के एक हत्यारोपी पश्चिम बंगाल निवासी कार्तिक हलदार को रायपुर से पकड़ा था, तभी से आरोपी गुजरात में अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद है। नई मंडी कोतवाली में दर्ज हत्या के इस मामले में पुलिस कोर्ट के माध्यम से आरोपी की पेशी को लेकर छह बार गुजरात पुलिस को रिमाइंडर भिजवा चुकी है, लेकिन वहां की पुलिस पेशी को लेकर गंभीर नजर नही आ रही है।
गत माह नईमंडी कोतवाली प्रभारी ने स्वयं कोर्ट में पेश होकर सीजेएम से मामले में पेशी को लेकर गुहार लगाई थी। जज ने गुजरात पुलिस को फटकार लगाते हुए मामले में कड़ा पत्र लिखते हुए हर हाल में चार जनवरी को आरोपी कार्तिक हलदार को कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए थे। इस बार गुजरात पुलिस ने खत लिखकर भी कोई सूचना नहीं दी और ना ही आरोपी को कोर्ट में पेश किया। गुजरात पुलिस की लापरवाही के चलते एक बार फिर स्थानीय पुलिस और मृतकों के परिजनों को मायूसी हाथ लगी है। इंस्पेक्टर प्रवीण यादव ने बताया कि दोबारा से तैयारी कर आरोपी की पेशी को लेकर रिमांइडर भिजवाया जाएगा।