नजीबाबाद में एलएलबी के एक छात्र के अपहरण की खबर से परिजनों में हड़कंप है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि छात्र के मोबाइल से आए एसएमएस संदेश में 50 लाख रुपये और मकान के कागजात तैयार रखने की धमकी दी गई है।
नजीबाबाद की पालोमल कालोनी निवासी कारोबारी मो. यूसुफ का 21 वर्षीय पुत्र मो. रेहान बिजनौर के विवेक कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र है। रेहान मंगलवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे घर से कॉलेज जाने के लिए कहकर गया था, लेकिन नहीं लौटा। परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। जिसमें रेहान का मोबाइल बंद आने और उसके मोबाइल से मंगलवार की शाम 6.15 बजे एक एसएमएस आने की बात कही गई है। एसएमएस में 50 लाख रुपये और मकान के कागजात अगली सूचना तक तैयार रखने तथा चालाकी की तो भारी पड़ने की बात कही गई है। रेहान के दो दिन से लापता होने से परिवार में कोहराम मचा है।
थाना प्रभारी तेजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने मकान के कागजात तैयार रखने की धमकी के चलते अपहरण की घटना को संदिग्ध बताते हुए मामले की गंभीरता से छानबीन करने की जानकारी दी। सीओ रामानंद कुशवाहा ने बताया कि रेहान के मित्रों से प्रथम दृष्टया पूछताछ में उसके द्वारा मित्रों को यह कहकर वापस चले जाने की बात कही गई कि तुम लोग जाओ, मेरे साथ कोई घटना होने वाली है। सीओ ने पहले भी रेहान के कहीं चले जाने की जानकारी मिलने के साथ अपहरण के मामले को संदिग्ध होना बताते हुए जांच की बात कही।