मुजफ्फरनगर। खादरवाला में बवाल के बाद अफवाहों का बाजार गर्म हो गया और शहर में दहशत पसर गई। चंद मिनटों में बाजार में सन्नाटा छा गया। दुकानों के शटर एकाएक गिर गए। चुनावी माहौल होने के कारण प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। जिस समय वारदात हुई उस समय शिवचौक पर महाआरती चल रही थी। ऐहतियातन शिवचौक के आसपास पुलिस फोर्स बढ़ाया गया।
शहर का खालापार और खादरवाला इलाका मिश्रित आबादी होने की वजह से अति संवेदनशील की श्रेणी में शुमार है। शहर की फिजा जब भी खराब होती है, तो सबसे ज्यादा तनाव यहीं होता है। शनिवार देर रात युवक की बाइक टकराने को लेकर दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते माहौल गरमा गया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया।
इसी दौरान शहर का माहौल बिगड़ने की अफवाह से क्षेत्र में दहशत पसर गई। लोग घरों में दुबक गए। चंद मिनटों में बाजार सुनसान हो गए।
स्थिति को देखकर कारोबारियों ने खुद ही दुकानों के शटर गिरा दिए। घायल हुए लोग प्राइवेट अस्पताल में भी गए। इस वजह से घायलों की सही जानकारी भी पुलिस को नहीं मिल सकी। जिस समय खादरवाला में वारदात हुई, शिवचौक पर महाआरती चल रही थी। अफवाह की आशंका के चलते शिवचौक पर फोर्स की तादाद बढ़ाई गई। पुलिस अधिकारी देर रात तक मौके पर ही कैंप किए हुए हैं।
अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहने की अपील की गई है। चुनावी समर के कारण अधिकतर फोर्स जनपद से बाहर है। देहात के थानों से भी फोर्स को बुलाया गया है। देर रात तक घटनाक्रम को लेकर थाने में किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।