मीरापुर। मोहल्ला पछाला निवासी एक होमगार्ड के बेटे से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर जानसठ के एक युवक ने 2.20 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
मीरापुर इंस्पेक्टर पंकज त्यागी के अनुसार मोहल्ला पछाला निवासी किशनलाल थाना मीरापुर में होमगार्ड है। इसी मोहल्ले के रहने वाले विकास उर्फ सोनू पुत्र सतबीर ने कृष्णपाल की नौकरी रेलवे ग्रुप डी में लगवाने की बाबत किशनलाल से बातचीत की। कहा कि जानसठ के मोहल्ला हुसैनपुर निवासी अमित कुमार पुत्र महिपाल सैनी ने कई युवकों की नौकरी लगवाई है। इस काम के बदले उसने साढे़ चार लाख रुपये की मांग की। बातचीत के अनुसार किशनलाल व उसके बेटे कृष्णपाल ने नौकरी दिलाने के नाम पर अमित के बैंक खाते में 27 दिसंबर 2018 को दो लाख ट्रांसफर करा दिए और 20 हजार रुपये विकास को नगद दे दिए। कुछ समय बाद रेलवे ग्रुप डी का रिजल्ट आ गया, परंतु किशनलाल के पुत्र का नंबर नहीं आया। उन्होंने अमित, विकास से रुपये वापस मांगे, तो दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित होमगार्ड की तहरीर पर आरोपी अमित सैनी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उधर, मीरापुर पुलिस ने कैथोड़ा निवासी रोहित पुत्र जगदीश को अवैध धंधे में लिप्त होने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी रोहित काफी समय से अवैध धंधे के माध्यम से लोगों से धोखाधड़ी कर रहा था।