जहरखुरानी गिरोह ने दो को बनाया शिकार
मुजफ्फरनगर। जहरखुरानी गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बृहस्पतिवार की रात में गिरोह के सदस्यों ने दो लोगों को जहरीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट के बाद सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित कंपनी बाग के सामने बृहस्पतिवार देर रात एक युवक अचेतावस्था में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। युवक के पास से बरामद कागजों से उसकी पहचान मोहल्ला खालापार निवासी फिरोज पुत्र अकरम के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को अवगत कराया। उधर, रोहाना रेलवे स्टेशन के पास भी सड़क किनारे स्थित गड्ढे में शुक्रवार सुबह करीब 50 वर्षीय अधेड़ बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधेड़ को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अधेड़ के पास से कोई सामान भी बरामद नहीं हुआ है, जिसके चलते उसकी शनाख्त भी नहीं हो पाई है। हालांकि माना जा रहा है कि उक्त दोनों ही पीड़ित जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों का शिकार बने हैं, जिन्हें लूटपाट के बाद अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया।