दो समुदाय के युवकों में संघर्ष, पथराव,
तितावी। गांव लखान में दो समुदाय के युवकों में संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ। इस घटना को लेकर तनाव फैल गया। मौके पर पहुुंची पुलिस ने बमुश्किल स्थिति को संभाला। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस व पीएसी बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक गांव लखान निवासी वाजिद पुत्र मेहंदी शुक्रवार को शाम के समय अपने साथियों संग गंगनहर में नहाने के लिए गया था। गंगनहर में उसके ही गांव के ठाकुर समाज के आकाश पुत्र अशोक व बिटटू पुत्र महिपाल भी अपने साथियों के साथ गंगनहर में नहा रहे थे। उसी दौरान वाजिद व ठाकुर समाज के युवकों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिसको लेकर आकाश व बिटटू ने वाजिद की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद वाजिद किसी तरह से भागकर अपने घर पहुंचा और झगड़े की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने वाजिद को ही समझा बुझाकर शांत कर दिया। शाम को वाजिद के घर की महिलाएं गांव मेें ही पैठ मेें सब्जी खरीद रही थीं, तभी वहां पर आकाश व बिटटू ने वाजिद के परिवार की महिलाओं पर कटाक्ष करते हुए कोई बात कह दी। जिससे वहां झगड़े की स्थिति बन गई, लेकिन अचानक आए तूफान के चलते सभी मौके से चले गए। शनिवार की सुबह के समय आकाश व बिटटू अपने साथियों के साथ लाठी डंडे व धारदार हथियार लेकर वाजिद के घर पहुंचे। इन युवकों ने वाजिद पर घर में ही हमला बोल दिया। जिसको लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी व डंडे व हथियार चल गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव भी हुआ। पथराव को लेकर गांव में अफरातफरी मच गई। हमले को लेकर गांव में तनाव फैल गया। किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना डायल 100 को दी। पुलिस के आने से पहले झगड़ा कर रहे सभी युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस की ओर से अब दोनों पक्ष के लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही है। फिलहाल गांव में किसी तरह का कोई तनाव है। एहतियातन गांव में पुलिस व पीएसी बल तैनात कर दिया गया है।