चौधरी नर्सिंगहोम में आठ लाख का डाका
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। शाहपुर के बसी रोड पर नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने चौधरी नर्सिंगहोम में डकैती डालकर सनसनी फैला दी। बदमाश नगदी-जेवरात समेत करीब आठ लाख का माल लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने चिकित्सक के परिचित युवक और रिश्तेदारों को गन प्वाइंट पर लेकर वारदात की है। करीब तीन घंटे तक बदमाश नर्सिंमहोम में रहकर लूटपाट की। डकैती की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी, एसपी देहात और सीओ बुढ़ाना ने डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक टीम के साथ घटना का जायजा लिया।
शाहपुर निवासी डॉ जुनैद चौधरी और उनकी पत्नी डॉ शहजादी ने बसी रोड पर चौधरी नर्सिंगहोम खोल रखा है। नर्सिंगहोम की ऊपरी मंजिल पर ही उनका आवास है। शुक्रवार रात करीब दस बजे तक दोनों पति-पत्नी मरीजों की जांच-पड़ताल कर सो गए। एक अलग कमरे में चिकित्सक का परिचित राहुल सोया हुआ था। अन्य कमरों में हरसौली से आए रिश्तेदार मौजूद थे। रात सवा दो बजे आठ से दस नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते नर्सिंगहोम में घुस गए। बदमाशों ने जीने की ममटी पर लगे जंगले को उखाड़कर भीतर एंट्री की। यहीं चंद कदम दूर कमरे में सो रहे राहुल को गन प्वाइंट पर ले लिया। राहुल को साथ लेकर अन्य लोगों को भी एक कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने चिकित्सक दंपति का कमरा खुलवाने के लिए राहुल पर दबाव बनाया। विरोध करने पर बदमाशों ने सबको बंधक बनाकर नीचे नर्सिंगहोम खंगाला और यहां से कीमती सामान समेट लिया। तीन घंटे तक बदमाश नर्सिंगहोम में रहे और एक-एक कमरे की खंगालते गए। अलसुबह अजान के वक्त चिकित्सक जुनैद और शहजादी जागे तो बदमाशों ने उन्हें भी गन प्वाइंट पर ले लिया। बंधक बनाकर अलमारी से लगभग पांच लाख रुपये नगद और दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाशों ने चिकित्सक के कमरे में रखी लाइसेंसी रायफल को छोड़ दिया, लेकिन कारतूस का डिब्बा लूट लिया। नर्सिंगहोम से बदमाश करीब आठ लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए। किसी प्रकार पीड़ितों ने शाहपुर पुलिस को सूचना दी। डकैती की वारदात से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। तत्काल एसपी देहात अजय सहदेव और सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ितों से पूछताछ कर घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी देहात अजय सहदेव ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। टीम ने वारदात स्थल से नमूने एकत्र किए हैं। डॉक्टर जुनैद की ओर से शाहपुर थाने पर वारदात की तहरीर दी गई है।
आठ वर्ष पहले भी हुई थी लाखों की लूट
शाहपुर। बसी रोड पर स्थित चौधरी नर्सिंग होम यह डकैती लूट की यह पहली घटना नहीं है। आठ साल पहले भी बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों की लूट की थी। वर्ष 2009 में भी चिकित्सकों को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट हुई थी। फिर से बदमाशों ने चिकित्सक दंपति के नर्सिंग होम को निशाना बनाया है। डकैती की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर दिन निकलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जुनैद दिल्ली में है चिकित्सक
शाहपुर। बीएएमएस डॉ शहजादी के पति डॉ जुनैद दिल्ली में चिकित्सक हैं, जबकि डॉ शहजादी शाहपुर में ही प्रसूति रोग विशेषज्ञ हैं। डॉ जुनैद बृहस्पतिवार को ही दिल्ली से शाहपुर आए थे। बदमाशों ने शुक्रवार देर रात उनकी मौजूदगी में ही डकैती की घटना को अंजाम दिया।
नमाज पढ़ने के लिए उठी थी डॉ शहजादी
शाहपुर। शनिवार अलसुबह डॉ शहजादी नमाज पढ़ऩे के लिए कमरे से बाहर आईं। बदमाशों ने कई बार उनका कमरा खुलवाने के लिए राहुल पर जोर दिया, लेकिन राहुल ने कहा कि मैडम फोन करने पर ही दरवाजा खोलती हैं। इस पर बदमाशों ने कॉल करने के लिए मना कर दिया और अन्य सामान लूटते रहे। जैसे ही डॉ शहजादी ने कमरा खोला तो बदमाशों ने उन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया।
जल्द होगा घटना का खुलासा: एसएसपी
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अनंत देव तिवानी ने शनिवार सुबह चौधरी नर्सिंगहोम में हुई डकैती का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। चिकित्सकों, परिचितों से पूछताछ के बाद बारीकी से घटनास्थल का जांचा। एसएसपी अनंत देव तिवारी ने बताया कि घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। सभी पहलुओं पर पड़ताल चल रही है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीमें लगाई गई हैं, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।