लूट के आरोपी को रिमांड पर लिया
बुढ़ाना(मुजफ्फरनगर)। कस्बे के टिंबर व्यापारी से 22 लाख की लूट के मामले मेें पुलिस ने लुटेरे को जिला कारागार से रिमांड पर लिया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर के स्टोर से 53 हजार रुपये की नकदी बरामद की।
कांधला रोड पर निवासी टिंबर व्यापारी शिवम से 29 जुलाई को रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर 22 लाख रुपये की नकदी लूट ली थी। पुलिस ने नौ अगस्त को इस घटना का खुलासा किया था। पुलिस ने इस घटना के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने लूटी गई रकम की 16 लाख 10 हजार रुपये की नकदी बरामद की थी। जांच अधिकारी जयभगवान यादव ने बताया कि इस घटना का एक आरोपी कस्बा निवासी देशराज न्यायालय के सामने आत्मसमर्पण कर जेल चला गया था। पुलिस ने शनिवार को देशराज को जिला कारागार से न्यायालय के आदेश पर सात घंटे के रिमांड पर लिया। रिमांड पर लिए लूट के आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर के स्टोर से 53 हजार रुपये की नकदी बरामद की। पूछताछ के बाद पुलिस ने रिमांड पर लिए आरोपी को जिला कारागार भेज दिया।