मां-बेटी पर जानलेवा हमला, फायरिंग
तितावी। गांव लडवा में रविवार शाम रंजिश के चलते हमलावरों ने घर में घुसकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और उसकी बेटी पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने मां-बेटी पर फायरिंग भी की, जिसमें वे बाल-बाल बचीं। पुलिस ने घायल मां-बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए हमलावरों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। मामले में छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
गांव लडवा निवासी सत्यपाल ने तहरीर देकर बताया कि उसने गांव में ही एक प्लॉट खरीदा था, जिसे संजय पुत्र यादराम भी खरीदना चाहता था। इसी बात को लेकर संजय उससे रंजिश रखने लगा था। आरोप है कि इसी रंजिश में संजय रविवार शाम अपने साथियों अमित, सुधीर, अर्पित, गौरव व अमन के साथ सत्यपाल के घर में घुस आया और गालीगलौज करने लगा। घर में मौजूद सत्यपाल की पत्नी कमला व बेटी नेहा ने आरोपियों का विरोध किया तो हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाए जाने पर आरोपी मां-बेटी पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जिसमें दोनों बाल-बाल बच गईं। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटी को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने फायरिंग करने के आरोपियों के घरों में दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस ने सत्यपाल की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।