तीन साल से वांछित दस हजार के इनामी को जेल भेजा
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन पुलिस ने विधवा पेंशन घोटाले के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वह तीन साल से वांछित चल रहा था और उस पर दस हजार का इनाम घोषित था। इस कांड का मुख्य आरोपी भी आज तक फरार चल रहा है। उस पर भी दस हजार का इनाम घोषित है।
सिविल लाइन पुलिस ने एक सूचना के आधार पर शुक्रवार को रोडवेज बस स्टैंड से फाजिल पुत्र ताहिर खां निवासी खादरवाला को गिरफ्तार किया। सिविल लाइन इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि यह विधवा पेंशन घोटाले के मामले में वांछित था। मामले की जांच कर रहे सीओ सिटी हरीश भदौरिया ने बताया कि वर्ष 2015 में विधवा पेंशन में लाखों का घोटाला हुआ था, जिसकी तत्कालीन डीएम द्वारा शिकायत मिलने पर जांच कराई गई थी। जांच के उपरांत डीडीओ मोहनलाल शाह और फाजिल घोटाले में शामिल पाए गए। दोनों के खिलाफ शहर कोतवाली पर भ्रष्टाचार अधिनियम आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, तभी से दोनों फरार चल रहे है। दोनों पर दस-दस हजार का इनाम घोषित है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी फाजिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि मोहनलाल शाह की तलाश है, जो रिटायर हो चुका है, मगर अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है।