तितावी। प्रेम प्रसंग के चलते इंटरमीडिएट की छात्रा अपने सहपाठी प्रेमी के साथ फरार हो गई। छात्रा तितावी क्षेत्र और छात्र बुढ़ाना क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों के प्रेम प्रसंग का खुलासा होने पर प्रिंसिपल ने कुछ माह पहले छात्रा और दो छात्रों को स्कूल से निकाल दिया था। बाद में परिजनों ने छात्रा का एडमिशन अन्य स्कूल में करा दिया था, जबकि छात्र अपने नाना के यहां रहने लगा। परिजनों की पाबंदी के बाद भी दोनों में बातें होती रही। युवक का एक साथी इनकी मदद करता था। पांच फरवरी को छात्रा अपने परिजनों से यह कहकर घर से गई थी कि उसको विद्यालय से प्रवेश पत्र लेने जाना है, जबकि युवक नाना के यहां से यह कहकर निकला था कि उसको प्रैक्टिकल देने जाना है। शाम तक जब छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने रिश्तेदारों और स्कूल में तलाश की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं लगा। इस बात की सूचना तितावी पुलिस को दी गई। छात्रा के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपी छात्र ने अपने साथी की मदद से तमंचे के बल पर उसकी बेटी का अपहरण किया है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
नारी सम्मान का संदेश दिया
तितावी। स्वामी कल्याण देव डिग्री कॉलेज बघरा में एनएसएस शिविर का शुभारंभ प्राचार्या रीना सहरावत और कार्यक्रम अधिकारी रश्मि तायल ने किया।
प्रथम चरण के दौरान स्वयंसेवक एवं सेविकाओं ने ग्राम बघरा में नारी सशक्तिकरण और नशाखोरी पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। जिसके माध्यम से ग्रामीणों को नशामुक्त समाज बनाने एवं नारी सम्मान का संदेश दिया। दूसरे चरण में विचार गोष्ठी हुई। नशाखोरी, नारी शिक्षा, सामाजिक जागरूकता आदि विषयों पर वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। संचालन फरहाना राना ने किया। सोनम, नाजरीन, सतेंद्र कुमार, रणधीर कुमार, यतिका, प्रियंका, अंकुर गर्ग, अंजलि, अजीत सिंह, शिवम, दीपक वशिष्ठ, सीमा आदि का सहयोग रहा।