संधावली में संदिग्ध हालात में युवती की मौत
मुजफ्फरनगर। संधावली गांव में युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन शव को दफनाने की तैयारी में थे, तभी युवती की हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव संधावली निवासी मोहम्मद अमीर अंसारी की बेटी सबीना (22) की रात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह परिजनों ने बिना किसी को सूचना दिए ही शव को दफनाने की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान किसी ने पुलिस को युवती की हत्या की खबर दी। सूचना पर पुलिस ने तुरंत गांव पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर परिजनों से पूछताछ की। परिजनों का कहना है कि सबीना की तबियत ठीक नहीं थी। उसे दौरे भी पड़ते थे। शनिवार रात वह घर में सोई थी, सुबह मृत अवस्था में मिली। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया, ताकि मृत्यु का कारण ज्ञात हो सके। इस संबंध में मृतका के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई, जिसमें सबीना को दौरे पड़ने की बात कही गई। मंसूरपुर इंस्पेक्टर केपीएस चाहल ने बताया कि संधावली गांव में युवती की हत्या होने की सूचना मिली थी, जिस पर वह गांव गए थे। जांच के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।