गंगनहर में कूदने वाला लॉ का छात्र निकला
भोपा(मुजफ्फरनगर)। बेलड़ा गंगनहर में रविवार को कूदकर जान देने वाला युवक मुजफ्फरनगर की बचन सिंह कॉलोनी निवासी एलएलबी का छात्र निकला। समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने पर परिजन सोमवार को बेलड़ा पहुंचे और नहर में कूदने वाले युवक की पहचान संजीव उर्फ भोला के रूप में की। गोताखोरों की मदद से शव की तलाश की जा रही है। परिजनों के साथ हुई मामूली कहासुनी पर युवक ने यह कदम उठाया है।
भोपा के बेलड़ा गंगनहर पुल पर रविवार को एक युवक बाइक खड़ी कर मोबाइल फोन पर किसी से बात करते हुए गंगनहर में कूद गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर जांच की, तो बाइक शुभम राठी के नाम निकली। समाचार पत्रों के जरिये परिजनों को इसकी सूचना मिली। सोमवार सुबह मुजफ्फरनगर की बचन सिंह कालोनी निवासी प्रमोद राठी ग्रामीणोें के साथ भोपा थाना पहुंचा और गंगनहर में कूदे युवक को अपना छोटा बेटा संजीव उर्फ भोला (21) बताया। उन्होंने बताया कि संजीव एसडी कॉलेज से लॉ की पढ़ाई कर था। उसके पिता प्रमोद राठी कृषि विभाग में एक अधिकारी की गाड़ी के चालक हैं। साथ ही चालक एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष भी हैं। मामूली कहासुनी के बाद संजीव तीन दिन पहले अपने मामा के यहां दतियाना गांव चला गया था। गत दिवस उनके पड़ोसी को फोन कर संजीव ने कहा कि वह गंगनहर पर है, उसकी बाइक पटरी पर व पर्स एक खोखे पर है उठा लेना, वह कहीं जा रहा है। उसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। सीओ भोपा मोहम्मद रिजवान, थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि गोताखोरों की मदद से शव की तलाश की जा रही है। सीओ भोपा ने बताया कि पीएसी के जवानों को बुलाकर तलाश कराई जाएगी। सोमवार को शव की तलाश के दौरान मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ मौजूद रही।
करंट से घोड़ी की मौत
(फोटो समाचार)
अमर उजाला ब्यूरो
भोपा। करंट की चपेट में आने से घोड़ी की मौत हो गई। तांगा चला रहे युवक को भी करंट लगा। पास में ही काम कर रहे मजदूर में भी अफरा तफरी मच गई। लोगों ने विद्युत आपूर्ति बंद कराकर घोड़ी के शव को हटाया। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित को मदद का आश्वासन दिया है।
भोपा में पशु अस्पताल के पीछे वाली नई बस्ती में रहने बाला सुशील पुत्र राजपाल रविवार को घोड़ा बुग्गी में ईंट भर कर बस्ती में ही उतारकर बुग्गी एक साइड में खड़ी करने लगा। पास में खडे़ खंभे में आ रहे करंट के कारण घोड़ी उसकी चपेट में आ गई, जिससे घोड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। घोड़ी के समीप आ रहे सुशील को भी करंट लगा। ग्रामीणों की मांग पर एसडीएम ने हल्का लेखपाल प्रदीप सैनी को मौके पर भेजा। लेखपाल ने आर्थिक मदद का आश्वासन दिया है।